Delhi Heatwave से निपटने के लिए दिल्ली सरकार तैयार! दोपहर में निर्माण कार्य पर ब्रेक, स्कूलों में मिलेगा ORS
Delhi Heatwave 2026: दिल्ली में समय से पहले दस्तक दे रही भीषण गर्मी और लू (Heatwave) के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'हीट वेव एक्शन प्लान 2026' की हाई-लेवल समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस बार दिल्ली सरकार का फोकस न केवल राहत पहुंचाने पर है, बल्कि इस पूरी योजना को वैज्ञानिक आधार पर तैयार किया गया है ताकि जनहानि को शून्य रखा जा सके।
सरकार ने विशेष रूप से बच्चों, निर्माण श्रमिकों और बेजुबान जानवरों की सुरक्षा के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आइए विस्तार से जानते हैं सरकार ने भीषण गर्मी औऱ लू से बचने के लिए क्या उपाय किया है...

स्कूलों और श्रमिकों के लिए 'जीरो रिस्क' नीति
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि स्कूली बच्चों को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए दिल्ली के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में ORS (ओरल रीहाइड्रेशन साल्ट) का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है। अगर जरूरत पड़ती है और बच्चों को घर भेजा जाता है, तो स्कूल मैनेजमेंट को यह सुनिश्चित करना होगा कि बच्चों को घर भेजने से पहले उन्हें ORS का घोल पिलाया जाए, ताकि घर जाने के रास्ते में उन्हें लू या पानी की कमी का खतरा न हो।
वहीं, निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री ने 'दोपहर का विश्राम' अनिवार्य कर दिया है। आदेश के अनुसार, दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक किसी भी निर्माण साइट पर बाहरी काम पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साइट्स पर स्वच्छ पानी, टोपी, गमछा और प्राथमिक चिकित्सा किट की उपलब्धता अनिवार्य कर दी गई है।
9,000 मेगावाट की पीक डिमांड: 'बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं'
दिल्ली में इस बार गर्मी के सीजन में बिजली की अधिकतम मांग 9,000 मेगावाट तक पहुँचने का अनुमान है, जो पिछले साल के रिकॉर्ड 8,442 मेगावाट से काफी अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में पिछले कुछ वर्षों से 40 डिग्री से ऊपर तापमान रहने का समय बढ़कर 40 दिनों तक पहुंच गया है, जो एक गंभीर ट्रेंड है।
मुख्यमंत्री ने डिस्कॉम (बिजली वितरण कंपनियों) को दोटूक चेतावनी देते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में किसी भी तरह की अघोषित बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रिड को मजबूत करने और फॉल्ट्स को तुरंत ठीक करने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
Cool Roof Policy 2026 और अस्पतालों में विशेष इंतजाम
गर्मी को मात देने के लिए सरकार ने बुनियादी ढांचे में भी बदलाव शुरू किया है। 'कूल रूफ पॉलिसी 2026' के तहत कश्मीरी गेट बस अड्डे की छत पर 28,674 वर्ग फुट क्षेत्र में रिफ्लेक्टिव कोटिंग का काम पूरा कर लिया गया है, जिससे टर्मिनल के अंदर का तापमान काफी कम रहेगा।
उत्तर भारत में क्यों बढ़ रही है इतनी गर्मी?
उत्तर भारत में इस बार गर्मी ने समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अप्रैल महीने में ही कई शहरों का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों को भीषण लू और तपिश का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग और विशेषज्ञों के मुताबिक, इसके पीछे कई प्रमुख कारण हैं।
सबसे बड़ा कारण इस बार पश्चिमी विक्षोभ की कमी है। आमतौर पर अप्रैल में ये सिस्टम हल्की बारिश और बादल लाते हैं, जिससे तापमान नियंत्रित रहता है, लेकिन इस बार इनके कमजोर रहने से आसमान साफ है और धूप सीधे जमीन को गर्म कर रही है। वहीं राजस्थान के थार मरुस्थल से आने वाली गर्म हवाएं हैं, जो उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में लू जैसी स्थिति पैदा कर रही हैं। शहरों में तेजी से बढ़ते अर्बन हीट आइलैंड यानी कंक्रीट के बढ़ते जाल और पेड़ों की कमी के कारण सूरज की प्रचंड तपिश कैद हो जाती है।
विशेषज्ञ क्लाइमेट चेंज को भी बड़ी वजह मानते हैं। इसके कारण हीटवेव की आवृत्ति और तीव्रता लगातार बढ़ रही है। साथ ही, शहरों में कंक्रीट और कम हरियाली के कारण अर्बन हीट आइलैंड इफेक्ट भी तापमान बढ़ा रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी राहत की संभावना कम जताई है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
हीट वेब से बचने के लिए क्या है 'मास्टर उपाय'?
हीटवेव को हल्के में लेने की गलती महंगी पड़ सकती है यह सीधे हीट स्ट्रोक तक ले जा सकती है। इसलिए बचाव के ये पुख्ता और व्यावहारिक उपाय अपनाना जरूरी है:
- दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। जरूरी हो तो छाता, टोपी या गमछा इस्तेमाल करें और छांव में रुक-रुककर चलें।
- प्यास लगे तब ही नहीं, नियमित अंतराल पर पानी पिएं। ORS, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी जैसे पेय शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखते हैं।
- हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनें। आंखों को धूप से बचाने के लिए सनग्लासेस और त्वचा के लिए सनस्क्रीन भी मददगार है।
- दिन में खिड़कियां और पर्दे बंद रखें, रात में वेंटिलेशन बढ़ाएं। कूलर/फैन का सही उपयोग करें, कमरे में नमी बनाए रखने के लिए पानी के बर्तन या गीले पर्दे इस्तेमाल कर सकते हैं।
- भारी, तली-भुनी चीजों से बचें। खीरा, तरबूज, खरबूजा, दही जैसे पानी से भरपूर खाद्य पदार्थ लें।
हीट स्ट्रोक के लक्षण पहचानें
चक्कर, तेज सिरदर्द, उल्टी, अत्यधिक पसीना या शरीर का बहुत गर्म होना ये हीट स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं। तुरंत छांव में जाएं, पानी पिएं और जरूरत हो तो डॉक्टर से संपर्क करें। बच्चों, बुजुर्गों और मजदूरों को अतिरिक्त देखभाल की जरूरत होती है। उन्हें धूप से बचाएं और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं। इन आसान लेकिन असरदार उपायों से हीटवेव के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications