"भाजपा फरेब है तो केजरीवाल सबसे बड़ा धोखा", अलका लांबा ने दिल्ली चुनाव में फ्री स्कीमों को लेकर बोला हमला
Delhi Assembly Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस तीनों ही पार्टियों ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। तीनों ही पार्टियों ने अपने घोषणा में कई फ्री योजनाओं का ऐलान किया है। भाजपा ने एक दिन पहले महिलाओं को 2500 रुपये आर्थिक सहायता समेत अन्य फ्री सुविधाएं देने का वादा अपने घोषणा पत्र में किया है। वहीं आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल एक के बाद एक फ्री योजनाओं की घोषणा कर रहे हैं।
कालकाजी सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार सीएम आतिशी और भाजपा के रमेश बिधूड़ी के खिलाफ चुनाव लड़ रहीं कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने भाजपा और "आप" के फ्री चुनावी वादों को लेकर जमकर हमला बोला।

कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने कहा "भाजपा पूरी तरह से झूठ और धोखे का पुलिंदा है। राजस्थान की पूर्व सरकार 500 रुपये का सिलेंडर दे रही थी और महिलाएं खुश थीं, फिर आई मोदी की गारंटी सिलेंडर साढ़े चार सौ का। आज वहां पर भाजपा की सरकार है पूछिए वहां पर कितने लोगों को 450 रुपये में सिलेंडर मिल रहा है?
अलका लांबा ने कहा ये उन्होंने अपनी सरकारों में नहीं किया इसलिए दिल्ली में किया गया वादा झूठ है, एक धोखा है, भाजपा एक फरेब है"
अलका लांबा ने कहा दिल्ली में भाजपा का ये आठवां चुनाव है यहां पर बस एक बार 1999 का चुनाव जीती थी। उसके बाद भाजपा यहां दिल्ली में डबल डिजिट पर जीत विधानसभा चुनाव में नहीं टच कर पाई है।
अलका लांबा ने कहा दूसरा सबसे बड़ा धोखा केजरीवाल है। पंजाब में भगत सिंह की कसम खाई और वादा किया कि महिलाएं हमें वोट दें हम उन्हें हर महीने हजार रुपये दूंगा, 36 महीने से पंजाब में आप की सरकार है और पंजाब की बहनें पासबुक लेकर केजरीवाल के घर के सामने खड़ी है और कह रही हैं कि उन्हें 1 रुपया भी नहीं मिला।
वहीं कर्नाटक में हमारी कांग्रेस सरकार ने कहा और वादा पूरा किया। कर्नाटक की महिलाएं अपनी पासबुक दिखा रही हैं और बता रही हैं कि कांग्रेस ने हमें दो हजार रुपये देने का वादा किया था उसे वो पूरा कर रही है।
आम आदमी पार्टी की सत्ता दिल्ली में बीते दस साल से थी, केजरीवाल इस पर बात करें कि इन सालों में उसने क्या किया? आम आदमी पार्टी खुद फ्री योजनाओं की घोषणा कर रही है और दूसरी पार्टियों जब फ्री स्कीमों का ऐलान कर रही है तो वो उसे फ्री रेवड़ी कह रहे हैं।पहले केजरीवाल ये तय कर लें कि ये राहत है या रेवड़ी है।
अलका लांबा ने कहा कांग्रेस ने जो फ्री योजनाओं की घोषणाएं दिल्ली में की है वो मंहगाई, बेरोजगारी के दौर में आम इंसान के लिए राहत और लोगों का हक है। ये लोगों का टैक्स का पैसा है, हम 30 करोड़ रुपये शीशमहल बनाने पर खर्च नहीं कर रहे हैं।
मोदी जी की तरह हम 16 हजार करोड़ के दो जहाज खरीद कर हवाबाजी देश भर में नहीं कर रहे हैं, ये पैसा जनता का पैसा है और कांग्रेस इसे जनता पर खर्च करेगी। आप इसे रेवडि़यां कहो लेकिन ये जनता के लिए राहत है और जनता का पैसा, जनता की जेब में डालने की राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने ठानी हे।












Click it and Unblock the Notifications