'मनीष सिसोदिया हारे, तो मेरी पत्नी रो पड़ीं', कुमार विश्वास ने केजरीवाल को जमकर धोया , VIDEO
Delhi Election Result: दिल्ली चुनाव के नतीजों पर अरविंद केजरीवाल के कई पुराने साथियों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, जिनमें हिंदी के मशहूर कवि डॉ. कुमार विश्वास भी शामिल हैं। कुमार विश्वास ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को जीत की बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बीजेपी दिल्ली के मतदाताओं की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करेगी।
किसी ज़माने में अन्ना आंदोलन के समय अरविंद केजरीवाल के साथी रहे कुमार विश्वास ने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "मुझे राम और कृष्ण की कृपा हुई कि मैं इस सर्कस (AAP) से बाहर आ सका।" कुमार विश्वास ने कहा, "जब हमें मनीष सिसोदिया के जंगपुरा से हारने की खबर मिली, तो राजनीति से दूर रहने वाली मेरी पत्नी रो पड़ीं, क्योंकि मनीष ने उसे यही कहा था कि अभी तो ताकत है। मेरी पत्नी ने जवाब दिया, 'भइया, ताकत हमेशा तो नहीं रहती।

कुमार विश्वास ने बिना नाम लिए अरविंद केजरीवाल पर टिप्पणी करते हुए कहा, "मुझे उस आदमी से कोई सहानुभूति नहीं है जिसने अपनी व्यक्तिगत महत्वकांक्षा के लिए अन्ना आंदोलन से निकले लाखों-करोड़ों कार्यकर्ताओं के सपनों को कुचल दिया। दिल्ली अब उससे आजाद है। उसने AAP कार्यकर्ताओं का इस्तेमाल अपनी निजी महत्वकांक्षाओं के लिए किया। आज न्याय मिल गया।"
यह भी पढ़ें Delhi Result: पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, अब कहलायेंगे पूर्व विधायक, जानिए मिलेंगी कितनी सैलरी और सुविधाएं ?
कुमार की बाकि दलों को नसीहत
उन्होंने आगे कहा, "मेरे लिए यह व्यक्तिगत प्रसन्नता या दुख का विषय नहीं है, लेकिन इस बात की प्रसन्नता जरूर है कि न्याय हुआ। आशा करता हूं कि आने वाले लोग और बाकी दल इससे सीखेंगे और सत्ता पाने के बाद अहंकारी नहीं होंगे। दिल्ली के नागरिकों को मैं अच्छे शासन के लिए बधाई देता हूं। भारतीय जनता पार्टी अपने नेतृत्व में सरकार बनाकर दिल्ली के पिछले 10 वर्षों के दुखों को दूर करे।"
केजरीवाल पर तीखा हमला, कहा- अपने गुरु को धोखा दिया
कुमार विश्वास ने AAP के कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि उन्होंने जिस लोभ या लालच में सब कुछ जानते हुए एक ऐसे व्यक्ति का समर्थन किया, जिसने अपने मित्रों की पीठ में छुरा घोंपा, अपने गुरु को धोखा दिया, और अपने साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाली महिलाओं को अपने घर लाकर पीटा, अब उनसे कोई उम्मीद न रखें। उन्होंने कहा, " आम जनता अब अपना जीवन देखें।"
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) की हार हुई है, जबकि भाजपा (BJP) 27 वर्षों के बाद दिल्ली में सत्ता में वापसी करने जा रही है। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में बीजेपी 47 सीटें जीतने जा रही है, जो बहुमत के आंकड़े 36 से 11 सीटें अधिक हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी 23 सीटों पर सिमटती हुई दिख रही है। कांग्रेस लगातार तीसरी बार दिल्ली चुनाव में खाता नहीं खोल सकी है। AAP के बड़े नेता जैसे अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सोमनाथ भारती, दुर्गेश पाठक, सत्येंद्र जैन, सौरभ भारद्वाज चुनाव हार गए हैं। हालांकि, आतिशी मार्लेना कालकाजी सीट से बहुत कम अंतर से बीजेपी के रमेश बिधूड़ी को हराकर जीत सकीं।












Click it and Unblock the Notifications