Delhi Election Result: दिल्ली में AAP की हार के बाद कार्यकर्ताओं के साथ आतिशी ने किया जमकर डांस, देखें VIDEO
Delhi Election Atishi Road Show: दिल्ली विधानसभा चुनावों में जहां भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया,वहीं आम आदमी पार्टी (आप) के कई बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है, वहीं निवर्तमान सीएम आतिशी ने भाजपा के रमेश बिधूड़ी को 3,521 वोटों के अंतर से हराकर कालकाजी सीट से शानदार जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी के नेताओं की हार के बीच, आतिशी ने अपनी जीत के बाद शाम को अपने निर्वाचन क्षेत्र में भव्य रोड शो निकाला और अपने समर्थकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।
शनिवार को अपनी जीत के बाद उन्होंने रोड शो निकाला और इतना ही नहीं, वह कार्यकर्ताओं संग झूमती हुई भी नजर आईं। इस पर आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने सवाल उठाया है।

आतिशी ने कहा, "मैं कालकाजी की जनता को बधाई देना चाहती हूं जिन्होंने बाहुबल, धनबल और गुंडागर्दी के खिलाफ सच्चाई को वोट दिया। काम को और ईमानदारी को वोट दिया। मैं आप के एक-एक कार्यकर्ता का आभार जताना चाहती हूं जिन्हें धमकियां मिली और डराया गया। फिर भी आम परिवार की महिलाएं सच्चाई के लिए लड़ती रहीं। यही खुशी आज यहां की सड़कों पर देख रहे हैं क्योंकि गुंडागर्दी हार गई।"
ज्ञात हो कि 2020 के चुनाव में 62 सीटें जीतने वाली आप इस बार 22 सीटों पर सिमट गई। उसे 40 सीटों का नुकसान हुआ है, जबकि भाजपा जिसने पिछले चुनाव में 8 सीटें जीती थीं, उसे 40 सीटों का फायदा हुआ है।
इस बार के विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रमुख नेता अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे बड़े नाम हार गए। केजरीवाल को भाजपा के प्रवेश वर्मा ने 4,089 वोटों से हराया, वहीं मनीष सिसोदिया को जंगपुरा सीट पर भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह ने 675 वोटों से पराजित किया। आतिशी की जीत खास है, उन्होंने चार महीने पहले मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, और वे दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनी।
आतिशी पर स्वाति मालीवाल ने साधा निशाना
दिल्ली की निवर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी ने अपनी व्यक्तिगत जीत पर कालकाजी में रोड शो किया। इस रोड शो पर स्वाति मालीवाल ने सवाल उठाए हैं।
आतिशी का वीडियो शेयर करते हुए स्वाति ने 'एक्स' पर लिखा, ''ये कैसा बेशर्मी का प्रदर्शन है? पार्टी हार गई, सभी बड़े नेता हार गए और आतिशी ऐसा जश्न मना रही हैं??'' समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा शेयर किए गए एक 39 सेकंड के वीडियो में आतिशी ना केवल गाने पर झूम रही हैं, बल्कि गाने के लिरिक्स भी दोहरा रही हैं।
आतिशी भले ही चुनाव जीत गईं हों, लेकिन अरविंद केजरीवाल समेत आप के कई कद्दावर नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है। पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, सत्येंद्र जैन, सोमनाथ भारती और दुर्गेश पाठक को भी भाजपा के प्रत्याशियों से पटखनी खानी पड़ी है। आप में जहां निराशा है, वहीं उसकी एक नेत्री के इस तरह जश्न मनाने पर स्वाति मालीवाल ने सवाल उठाया।












Click it and Unblock the Notifications