'रमेश बिधूड़ी होंगे बीजेपी का सीएम फेस', Delhi election से पहले सीएम आतिशी का बड़ा दावा
Delhi Election: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीति काफी गरमा गई है। इस बीच, आप नेता और दिल्ली सीएम आतिशी ने सीएम फेस घोषित न करने के लिए भाजपा पर हमला बोला। साथ ही, कहा कि लोग पूछ रहे हैं कि बीजेपी का सीएम फेस कौन होगा? इस दौरान आतिशी ने कहा कि अगर AAP चुनाव जीतती है तो अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बनेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी सीएम फेस को लेकर आतिशी ने दावा करते हुए कहा कि कालकाजी से उनके प्रतिद्वंद्वी रमेश बिधूड़ी भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह जानकारी उन्हें विश्वत सूत्रों से मिली है।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दिल्ली 'गली-गलोच' पार्टी से पूछ रही है कि उसका सीएम चेहरा कौन है। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को पता है कि आप को वोट दिया तो उनका मुख्यमंत्री कौ बनेगा, अरविंद केजरीवाल सीएम बनेंगे। लेकिन वे पूछ रहे हैं कि भाजपा का सीएम चेहरा कौन होगा।
प्रियंका पर दिए बयान के बाद चर्चाओं में आए थे बिधूड़ी
पूर्व भाजपा सांसद बिधूड़ी हाल ही में उस समय विवादों में घिर गए थे, जब उन्होंने कहा था कि वह कालकाजी में ऐसी सड़कें बनवाएंगे जो प्रियंका गांधी के गालों जितनी चिकनी होंगी। हालांकि, उनके इस बयान पर विवाद होने के बाद उन्होंने अपने शब्द वापस ले लिए थे।
बीजेपी की कोर कमेटी की चल रही मीटिंग
आतिशी ने कहा कि आज बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक चल रही है और आज शाम को वे अपनी संसदीय बोर्ड की बैठक करेंगे। विश्वसनीय सूत्रों से हमें पता चला है कि 'गली-गलोच' पार्टी ने फैसला किया है कि उसका सीएम चेहरा वह नेता होगा जो सबसे ज़्यादा गाली देता है, जो रमेश बिधूड़ी हैं।"
भाजपा और आप के बीच टकराव जारी
अरविंद केजरीवाल द्वारा मतदाता सूची में हेराफेरी के आरोप को लेकर भाजपा और आप के बीच टकराव जारी है। अरविंद केजरीवाल ने कल चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और मतदाता सूची में वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जाने और फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े जाने का आरोप लगाया था।
ये भी पढ़ें: Delhi election: सिक्योरिटी गार्डों के लिए केजरीवाल ने किया बड़ा ऐलान, RWA के तहत होगी नियुक्ति












Click it and Unblock the Notifications