Delhi Election 2025: यमुना जल मुद्दे पर चुनाव आयोग पहुंचा BJP प्रतिनिधिमंडल, केजरीवाल के खिलाफ एक्शन की मांग
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के यमुना नदी (Yamuna water issue) को लेकर दिए बयान के बाद अब सियासत चरम पर पहुंच गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब से सीएम भगवंत मान के चुनाव आयोग पहुंचने के बाद बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल ईसी पहुंचा, जहां वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केजरीवाल को चुनाव प्रचार से रोके जाने की मांग उठाई।
यमुना जल मुद्दे को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल की चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "हम दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा दिए गए बहुत ही अनुचित, गैर-जिम्मेदाराना और एमसीसी का उल्लंघन करने वाले बयान पर विरोध करने और चुनाव आयोग को अपनी याचिका सौंपने आए थे।"

चुनाव आयोग से मिलने के बाद क्या बोलीं निर्मला सीतारमण?
उन्होंने आगे कहा कि यह एक बहुत ही खतरनाक बयान है। यह बयान उनके अलावा सभी के लिए खतरनाक था, जो स्वयंभू अराजकतावादी हैं। उन्होंने जो बयान दिया है, उससे वास्तव में दिल्ली के लोगों के मन में डर पैदा हो गया है। इस देश में चुनाव कराने के तरीके पर इसका बहुत गंभीर प्रभाव पड़ता है। क्या यह हमारे लोकतंत्र के लिए अच्छा है? हमने इन मुद्दों को चुनाव आयोग के समक्ष उठाया। एक सीएम या पूर्व सीएम दूसरे सीएम पर ऐसे कृत्य का आरोप कैसे लगा सकता है? जो कहीं न कहीं नरसंहार से संबंधित है? यह हरियाणा के सभी लोगों का अपमान है, जिन्होंने उन्हें चुना है। हमने चुनाव आयोग से अनुरोध किया है कि वह कार्रवाई करे जिससे अरविंद केजरीवाल को दिल्ली में चुनाव प्रचार करने से रोका जा सके।"
वहीं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा, "दिल्ली की चुनावी राजनीति में भाजपा लगातार जीत की ओर बढ़ रही है, उससे निराश होकर दिल्ली की सीएम, पूर्व सीएम और AAP नेता अरविंद केजरीवाल आज अराजकता वाली मानसिकता से दिल्ली की राजनीति में जहर घोलने के लिए उतर आए हैं।"
ये भी पढ़ें: Delhi Elections: यमुना नदी के प्रदूषण पर जमकर सियासत, सीएम आतिशी और भगवंत मान पहुंचे चुनाव आयोग
चुनाव आयोग से इस मामले में कार्रवाई की मांग-बीजेपी
भूपेंद्र यादव ने आगे कहा कि,"उन्होंने जो अपने बयान के द्वारा लोगों के मन में अनावश्यक भय पैदा करने की कोशिश की वो सीधे- सीधे आदर्श आचार संहिता के खिलाफ आता है, इसलिए चुनाव आयोग को हमने उनके भाषण का अंश दिया। चुनाव आयोग ने हमारी बात का संज्ञान लिया है और हमें आश्वासन दिया है कि उनका बयान आदर्श आचार संहिता के खिलाफ है। हमने चुनाव आयोग से इस मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया है।"
ये भी पढ़ें: Delhi Chunav: दिल्ली चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल का गंभीर आरोप, हरियाणा ने यमुना नदी के पानी को किया जहरीला












Click it and Unblock the Notifications