दिल्ली में घरेलू सहायकों की एजेंसियों पर सख्ती! रजिस्ट्रेशन नहीं कराया तो लगेगा 50,000 जुर्माना, जानें नए नियम
दिल्ली में अब घरेलू सहायकों यानी मेड, कुक, आया और केयरटेकर उपलब्ध कराने वाली निजी प्लेसमेंट एजेंसियां बिना रजिस्ट्रेशन के काम नहीं कर सकेंगी। दिल्ली सरकार के श्रम विभाग ने सभी ऐसी एजेंसियों को सरकारी पोर्टल पर पंजीकरण कराने और लाइसेंस लेने का निर्देश दिया है। इसके लिए 15 दिन की समयसीमा दी गई है।
नियमों का पालन नहीं करने पर एजेंसी को 50 हजार रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है। उसका रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस रद्द होने के साथ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।

15 दिन में लेना होगा लाइसेंस
श्रम विभाग की ओर से जारी सार्वजनिक नोटिस में कहा गया है कि घरेलू कामगार उपलब्ध कराने वाली हर निजी एजेंसी को ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर आवेदन करना होगा। इसके बाद जरूरी प्रक्रिया पूरी करके लाइसेंस लेना होगा। आवेदन में घरेलू कामगार और उन्हें नौकरी देने वाले नियोक्ता, दोनों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रखा गया है।
सरकार ने एजेंसियों को साफ निर्देश दिया है कि वे बिना रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस के काम न करें। साथ ही तय स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर यानी एसओपी का पालन भी करना होगा।
नियम तोड़ने पर क्या होगी कार्रवाई?
यह व्यवस्था श्रम विभाग के 25 सितंबर 2014 के कार्यकारी आदेश पर आधारित है। दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद सरकार ने निजी प्लेसमेंट एजेंसियों को नियंत्रित करने के लिए यह व्यवस्था लागू की थी। विभाग ने 2020 में इससे जुड़ी एसओपी को भी मंजूरी दी थी।
आदेश का पालन नहीं करने वाली एजेंसियों पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है। यह रकम जमीन के राजस्व बकाये की तरह वसूली जा सकेगी। इसके अलावा एजेंसी का लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन रद्द करने के साथ अभियोजन की कार्रवाई भी हो सकती है।
मेड रखने से पहले क्या जांचें?
सरकार ने घरों में घरेलू सहायकों को रखने वाले लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। नियोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे कामगार केवल पंजीकृत एजेंसी के जरिए ही रखें। एजेंसी का लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन जरूर जांचें। काम पर रखने से पहले घरेलू सहायक का पुलिस वेरिफिकेशन भी कराएं।
नियमों में घरेलू कामगार की उम्र कम से कम 18 साल तय की गई है। इसका मतलब है कि निजी एजेंसी के जरिए घरों में काम करने वाला व्यक्ति वयस्क होना चाहिए। आदेश में कामगारों की नियुक्ति और काम की शर्तों को लेकर भी प्रावधान हैं। उनकी मजदूरी का भुगतान बैंक खाते के जरिए करना होगा।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी जोर
इस व्यवस्था का मकसद घरेलू कामगारों के शोषण को रोकना भी है। दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार को निजी प्लेसमेंट एजेंसियों के जरिए काम पर रखे गए घरेलू सहायकों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर कदम उठाने का निर्देश दिया था।
आदेश के तहत महिलाओं और बच्चों के रोजगार से जुड़े मामलों में चाइल्ड वेलफेयर कमेटी यानी सीडब्ल्यूसी और दिल्ली महिला आयोग यानी डीसीडब्ल्यू को सुनवाई और निर्णय से जुड़े अधिकार दिए गए हैं। सरकार की नई सख्ती से एजेंसियों के साथ-साथ घरेलू सहायकों को नौकरी देने वाले परिवारों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।


Click it and Unblock the Notifications
