दिल्ली में फिर से मास्क हुआ अनिवार्य, DDMA की बैठक में फैसला
नई दिल्ली, 20 अप्रैल: राजधानी दिल्ली में फिर से कोरोना के मामलों में उछाल देखने को मिल रहा है। बीते हफ्ते से लगातार नए मामलों में इजाफा हो रहा है। पॉजिटिविटी रेट भी बढ़ रही है, हालांकि मौतों का आंकड़ा चिंताजनक नहीं है। ऐसे में कोरोना को लेकर दिल्ली सरकार सख्त नजर आ रही है। कोविड के मामलों में वृद्धि के बीच दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने DDMA की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान दिल्ली के सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य करने का फैसला लिया गया है। वहीं इस नियम का उल्लंघन करने वालों पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।

Recommended Video
इसी के साथ दिल्ली में स्कूलों में ऑफलाइन क्लास जारी रहेंगी, लेकिन साथ ही सुनिश्चित करना होगा कि कोविड नियमों का कड़ाई से पालन होनी चाहिए। एलजी दिल्ली अनिल बैजल ने इस बात पर भी जोर दिया कि एक्सपर्ट्स के परामर्श से स्कूलों के लिए कोविड-19 की रोकथाम और प्रबंधन के लिए एसओपी निर्धारित की जानी चाहिए और स्कूल प्रबंधन द्वारा उनका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
दिल्ली एलजी ने कहा कि छात्रों के व्यापक हित में एसओपी के गैर-अनुपालन या उल्लंघन के मामले में उचित समझे जाने पर एक निवारक प्रभाव पैदा करने के लिए जुर्माना लगाया जाना चाहिए। इससे पहले न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि डीडीएमए की तरफ से आयोजित बैठक में दिल्ली में सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क पहनना अनिवार्य करने की संभावना है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली में बढ़ते कोविड मामलों की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।
इससे पहले मंगलवार (19 अप्रैल) को डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में बढ़ रहे कोरोना के मामलों पर कहा था कि हमें कोविड-19 के साथ जीना सीखना होगा, क्योंकि यह कुछ क्षमता में रहेगा। अगर यह और बढ़ता है तो हम सख्त कार्रवाई करेंगे। फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। आपको बता दें कि सरकार ने हाल ही में कोरोना की रफ्तार धीमी होने के बाद फेस मास्क की अनिवार्यता को हटा दिया था।
बढ़ रहे कोरोना केस
मंगलवार को दिल्ली सरकार के हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 632 नए मामले सामने आए। हालांकि, अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या बहुत कम है और कोविड से होने वाली मौतों की संख्या शून्य है। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को 7.72 प्रतिशत की सकारात्मकता दर और शून्य मौतों के साथ 501 नए सीओवीआईडी -19 मामले सामने आए थे।












Click it and Unblock the Notifications