इस्तीफे के बाद नजीब जंग से मिले दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल, कहा- निजी वजहों से छोड़ा पद
नजीब जंग ने गुरुवार शाम इस्तीफा देकर सियासी गलियारे में हलचल मचा दी थी। उन्होंने इस्तीफे में लिखा कि वह शिक्षण की ओर वापस लौटना चाहते हैं।
नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया शुक्रवार सुबह उनसे मिलने पहुंचे। करीब एक घंटे तक चली मुलाकात को केजरीवाल ने औपचारिक बताया। केजरीवाल ने मुलाकात के बारे में ज्यादा कोई जानकारी नहीं दी।

केजरीवाल ने कहा कि यह नाश्ते पर हुई मुलाकात थी। एलजी के इस्तीफे के कारणों पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि नजीब जंग ने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है। इस्तीफा का उनसे कोई कनेक्शन नहीं है। नजीब जंग ने गुरुवार शाम इस्तीफा देकर सियासी गलियारे में हलचल मचा दी थी। उन्होंने इस्तीफे में लिखा कि वह शिक्षण की ओर वापस लौटना चाहते हैं। सूत्रों की मानें तो वह बीते कई महीनों से इस्तीफा देने पर विचार कर रहे थे।
केजरीवाल ने लिखा- मैं हैरान हूं
जिस वक्त नजीब जंग ने इस्तीफा दिया तब केजरीवाल रांची में थे। उन्होंने ट्वीट करके जंग को अग्रिम योजनाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, 'श्री जंग के इस्तीफे से मैं आश्चर्यचकित हूं। उनकी भविष्य की योजनाओं के लिए शुभकामनाएं।' दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने भी जंग से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि जंग ने इस्तीफे के पीछे कोई नाराजगी नहीं जाहिर की है। वह शिक्षण में वापस लौटना चाहते हैं और परिवार को भी वक्त देना चाहते हैं।
सिसोदिया बोले- जंग के साथ हमने अच्छा काम किया
सिसोदिया ने गुरुवार को ट्वीट किया, 'तमाम खट्टे मीठे अनुभवों के बावजूद कह सकता हूं कि नजीब जंग साहब के साथ हमने मिलकर दिल्ली के लिए बहुत अच्छा काम किया। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'












Click it and Unblock the Notifications