Delhi Elections: CM आतिशी को टक्कर देंगी कांग्रेस की अलका लांबा? त्रिकोणीय मुकाबले के लिए तैयार दिल्ली
Delhi Elections: दिल्ली में फरवरी 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से अलका लांबा को उम्मीदवार बनाने की तैयारी में है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी इसी सीट से चुनाव लड़ रही हैं।
हालांकि, इसपर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री से टक्कर लेने के लिए कांग्रेस अलका लांबा को आगे कर सकती है। पार्टी की कैंडिडेट लिस्ट आना अभी बाकी है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी (AAP) ने सभी 70 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर दी है।

चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति
कांग्रेस अपनी रणनीतियों पर तेजी से काम कर रही है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए रिस्टबैंड योजना, हर घर में एक महिला को 3100 रुपये मासिक भत्ता, और 400 यूनिट मुफ्त बिजली जैसे बड़े वादे कांग्रेस के घोषणापत्र में शामिल हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा के चुनाव लड़ेंगे बॉक्सर विजेंदर सिंह? जानिए किस सीट से BJP दे सकती है टिकट
आज तय हो सकते हैं 49 कैंडिडेट्स के नाम
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज हो रही है, जिसमें 49 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय होने की उम्मीद है। कांग्रेस ने पहले ही 21 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए थे। सूत्रों के अनुसार, राजेश लिलोठिया सीमापुरी से चुनाव लड़ेंगे। अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में फरहाद सूरी (जंगपुरा), असीम अहमद (मटिया महल), और देवेंद्र सहरावत (बिजवासन) शामिल हैं।
अलका लांबा का सफर
अलका लांबा ने 2015 में चांदनी चौक से आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीता था। लेकिन 2019 में उन्होंने पार्टी छोड़कर कांग्रेस में वापसी की। इससे पहले, वह महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
क्या है बीजेपी का प्लान?
भाजपा ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। हालांकि, उनकी पहली सूची इस सप्ताह जारी होने की संभावना है। चर्चा है कि भाजपा कुछ पूर्व सांसदों को चुनावी मैदान में उतार सकती है। नई दिल्ली सीट से पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा को अरविंद केजरीवाल के खिलाफ खड़ा किया जा सकता है।
नए साल से शुरूआत में आ सकती है भाजपा की लिस्ट
भाजपा ने बिना मुख्यमंत्री चेहरे के चुनाव लड़ने का फैसला किया है। पार्टी जनवरी के पहले सप्ताह तक अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। इसी दौरान चुनाव की तारीखों की घोषणा का भी अनुमान है।
राजधानी में त्रिकोणीय मुकाबले की तैयारी
दिल्ली चुनाव में इस बार भी त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। आम आदमी पार्टी सत्ता बचाने के लिए मैदान में है, जबकि भाजपा 26 साल से सत्ता से बाहर रहने के बाद वापसी करना चाहती है। दूसरी ओर, कांग्रेस अपनी खोई हुई जमीन दोबारा हासिल करने की कोशिश में जुटी है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली वालों के लिए खुशखबरी, हर घर को 24 घंटे मिलेगा पीने का साफ पानी, अरविंद केजरीवाल ने खुद टेस्ट किया पानी
दिल्ली में राजनीतिक पार्टियों के बीच जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। रणनीतियां बन रही हैं, वादे किए जा रहे हैं और मतदाताओं को लुभाने के प्रयास तेज हो रहे हैं। अब देखना यह है कि फरवरी में कौन सी पार्टी बाजी मारती है।












Click it and Unblock the Notifications