Delhi Chunav: AAP-BJP के बीच तेज हुई जुबानी जंग, बिधूड़ी को CM फेस बताने पर अमित शाह ने साधा केजरीवाल पर निशाना
Delhi Assembly Election: दिल्ली विधानसभा चुनावों में एक महीने से भी कम का वक्त है। ऐसे में चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का चयन केजरीवाल तय नहीं कर सकते।
अमित शाह ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 'झुग्गी बस्ती प्रधान सम्मेलन' को संबोधित करते हुए केजरीवाल (Arvind Kejriwal) पर "चालबाजी" और लोगों को "गुमराह" करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "क्या केजरीवाल बीजेपी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा तय करेंगे? केजरीवाल जी, दिल्ली की जनता आपकी इन चालबाजियों को समझती है।"

इससे पहले केजरीवाल ने दावा किया था कि बीजेपी ने रमेश बिधूड़ी (Ramesh Bidhuri) को मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार चुना है। उन्होंने रमेश बिधूड़ी को बधाई देते हुए उनसे दिल्ली के विकास के लिए उनकी योजनाओं पर खुली बहस की चुनौती दी।
ये भी पढ़ें: AAP विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन पर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने जताया दुख
अमित शाह का APP सरकार पर निशाना
अमित शाह ने झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को लेकर केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झुग्गी में रहने वाले लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं और दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन चुका है। उन्होंने कहा, "अगर आप कुछ नहीं कर सकते, तो सरकार छोड़ दें। बीजेपी सभी समस्याओं का समाधान करेगी।"
उन्होंने AAP सरकार को "आपदा" करार देते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने 10 साल के शासन में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। शाह ने लोगों से 5 फरवरी को मतदान के जरिए दिल्ली को "आपदाओं" से मुक्त कराने की अपील की।
'शीश महल' पर जुबानी जंग
अमित शाह ने केजरीवाल के मुख्यमंत्री रहते अपने आधिकारिक आवास को "शीश महल" कहते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने झुग्गीवासियों के लिए शौचालय बनाने के बजाय अपने बंगले पर भारी खर्च किया। उन्होंने कहा, "केजरीवाल झूठ, धोखा और वादाखिलाफी के लिए जाने जाते हैं।"
बीजेपी का चुनावी वादा
अमित शाह ने झुग्गीवासियों को पक्के घर देने का वादा किया और कहा कि बीजेपी का घोषणा पत्र सिर्फ वादों का पुलिंदा नहीं होगा, बल्कि सभी समस्याओं के समाधान के साथ पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही कह चुके हैं कि गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं बंद नहीं होंगी।"
केजरीवाल का पलटवार
केजरीवाल ने अमित शाह के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा झुग्गीवासियों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा, "अमित शाह ने आज मुझे और दिल्ली की जनता को गालियां दीं। जनता इसका जवाब चुनाव में देगी। मैं कल सुबह झुग्गी में रह रहे लोगों के बीच रहकर बीजेपी की सच्चाई सामने लाऊंगा।"
दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election)
दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को होंगे और मतगणना 8 फरवरी को होगी। इस बार दिल्ली में कुल 1,55,24,858 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव में कुल 70 सीटों, 58 सामान्य और 12 अनुसूचित जाति पर वोटिंग होगी।
ये भी पढ़ें: Weather Update: दिल्ली समेत उत्तर भारत में ठंड का कहर, 20 राज्यों में 5 दिनों तक छाया रहेगा घना कोहरा












Click it and Unblock the Notifications