Delhi Election: 'BJP कर रही गुंडागर्दी', भाजपा-AAP के बीच बढ़ी रंजिश, केजरीवाल ने लगाए दिल्ली पुलिस पर आरोप
Delhi Assembly Election: बुधवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के चुनाव प्रचार में मदद करने का गंभीर आरोप लगाया। एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने BJP और दिल्ली पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं है, बल्कि BJP के चुनाव अभियान को समर्थन देना बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्रालय के निर्देश पर पुलिस आम आदमी पार्टी (AAP) की रैलियों और चुनावी गतिविधियों में व्यवधान डाल रही है। इस दौरान आतिशी ने भी BJP के कार्यकर्ताओं पर आप के वॉलंटियर्स को धमकाने और डराने का आरोप लगाया।

दिल्ली पुलिस पर BJP के लिए काम करने का आरोप
केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली पुलिस पूरी तरह BJP के साथ है। जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था देखने वाला कोई नहीं है। एक SHO ने मुझे बताया कि उन्हें गृह मंत्रालय से सीधे निर्देश मिलते हैं कि हमारी रैलियों में बाधा डाली जाए।"
ये भी पढ़ें: Delhi Election: विधानसभा चुनाव से पहले AAP को बड़ा झटका, पूर्व MLA सहित 4 नेता BJP में शामिल
उन्होंने आगे कहा, "दिल्ली की जनता को एकजुट होकर BJP को कड़ा जवाब देना होगा। मुझे डर है कि इस बार वोटर्स को मतदान से रोका जा सकता है।"
'BJP को हार का डर, इसलिए बढ़ाई गुंडागर्दी'
केजरीवाल ने दावा किया कि BJP को दिल्ली में ऐतिहासिक हार का सामना करना पड़ रहा है और इसलिए उनके कार्यकर्ता पुलिस के समर्थन से गुंडागर्दी कर रहे हैं।
'कालकाजी क्षेत्र में BJP की धमकियां'
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि BJP के कार्यकर्ता AAP के वॉलंटियर्स को धमका रहे हैं। खासकर कालकाजी क्षेत्र में, जहां से आतिशी खुद चुनाव लड़ रही हैं।
रमेश बिधूड़ी पर लगाए गंभीर आरोप
आतिशी ने आरोप लगाया, "कालकाजी के अलग-अलग इलाकों में BJP के कार्यकर्ता और खुद को रमेश बिधूड़ी का भतीजा बताने वाले लोग हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान कर रहे हैं। रमेश बिधूड़ी ने एक आप कार्यकर्ता को फोन कर BJP में शामिल होने को कहा। जब उसने मना किया और कहा कि वह आप और आतिशी के साथ है, तो बिधूड़ी ने आप को आतंकवादियों की पार्टी कहा और कहा कि आतिशी 8 फरवरी के बाद जेल जाएंगी।"
चुनाव आयोग में शिकायत की तैयारी
आतिशी ने कहा, "हम चुनाव आयोग में शिकायत करेंगे और मांग करेंगे कि रमेश बिधूड़ी, उनके कार्यकर्ताओं और भतीजों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए और सख्त कार्रवाई हो।"
दिल्ली विधानसभा चुनाव कब?
दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को होंगे और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। आप (AAP) लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने की कोशिश कर रही है। 2020 के चुनाव में AAP ने 70 में से 62 सीटें जीतकर बड़ी जीत हासिल की थी।
ये भी पढ़ें: Delhi Today: दिल्ली में प्रदूषण का कहर जारी, चुनाव को लेकर AAP-BJP की बढ़ी रंजिशें, लगाए गंभीर आरोप












Click it and Unblock the Notifications