Delhi Airport: फ्लाइट पकड़ने वाले हैं तो रुक जाइए! IndiGo-Air India ने जारी की एडवाइजरी, क्या है अपडेट?
Delhi Airport Travel Advisory: दिल्ली की हवा एक बार फिर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सोमवार सुबह राजधानी घनी स्मॉग और जहरीले कोहरे की चादर में लिपटी नजर आई। हालात इतने खराब रहे कि सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया और आसमान में उड़ने वाले विमान भी इसकी चपेट में आ गए।
एयर क्वालिटी इंडेक्स बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है, जिससे न सिर्फ लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है, बल्कि हवाई यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। खराब दृश्यता के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने और उतरने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

AQI बेहद खराब स्तर पर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार सोमवार सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 454 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। इससे एक दिन पहले रविवार को AQI 461 रहा था, जो दिसंबर महीने में अब तक का दूसरा सबसे खराब स्तर माना जा रहा है। लगातार बढ़ते प्रदूषण ने लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
ये भी पढ़ें: Delhi AQI Today: स्मॉग और धुंध से बेहाल दिल्ली, GRAP IV की पाबंदियों के बीच बच्चों को स्कूल जाना है जरूरी?
दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी
खराब मौसम और कम दृश्यता को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरपोर्ट ने कहा कि घने कोहरे और स्मॉग की वजह से उड़ानों के संचालन में देरी या बदलाव हो सकता है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर लें।
एयरलाइंस ने भी यात्रियों को किया सतर्क
देश की बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने भी सोशल मीडिया के जरिए चेतावनी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि दिल्ली में कम दृश्यता के कारण उड़ानों के समय पर असर पड़ सकता है। यात्रियों से कहा गया है कि वे वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करते रहें। इंडिगो ने यह भी सलाह दी कि जहरीली धुंध के कारण सड़कों पर ट्रैफिक धीमा हो सकता है, इसलिए एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय रखें।
एयर इंडिया की अपील
एयर इंडिया ने भी यात्रियों से सावधानी बरतने को कहा है। एयरलाइन ने साफ किया कि दिल्ली और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में खराब दृश्यता के कारण उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। यात्रियों को एयरपोर्ट निकलने से पहले फ्लाइट की जानकारी जांचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली के कई इलाकों में हालात बेहद खराब
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिल्ली के कई इलाकों में स्मॉग की मोटी परत साफ दिखाई दे रही है। अक्षरधाम इलाके में AQI 493 तक पहुंच गया, जबकि बारापुला फ्लाईओवर पर यह 433 और बाराखंभा रोड पर 474 दर्ज किया गया। इन इलाकों में दृश्यता इतनी कम रही कि दूर की चीजें देखना मुश्किल हो गया।
क्या बताता है AQI
AQI शून्य से 50 तक अच्छा माना जाता है। 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 को गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। दिल्ली फिलहाल सबसे खतरनाक स्तर में बनी हुई है।
GRAP का सबसे सख्त चरण लागू
खराब हालात को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान का चौथा चरण लागू कर दिया है। इसके तहत दिल्ली एनसीआर में सभी निर्माण और तोड़फोड़ के काम पर रोक लगा दी गई है।
इसके अलावा दिल्ली सरकार ने सरकारी और निजी दफ्तरों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की अनुमति दी है। स्कूलों में भी कक्षा 11 तक (कक्षा 10 को छोड़कर) पढ़ाई हाइब्रिड मोड में चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
सेहत को लेकर बढ़ी चिंता
डॉक्टरों का कहना है कि इतनी खराब हवा बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए बेहद खतरनाक है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और मास्क का इस्तेमाल करें।
फिलहाल मौसम साफ होने के संकेत नहीं दिख रहे हैं, ऐसे में दिल्लीवासियों को आने वाले दिनों में भी प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है।
ये भी पढ़ें: Aaj Ka Mausam: धुंध की चादर में लिपटी दिल्ली, AQI पहुंचा 474, कई राज्यों में बढ़ी गलन, जानें मौसम अपडेट












Click it and Unblock the Notifications