Delhi AQI Today: स्मॉग और धुंध से बेहाल दिल्ली, GRAP IV की पाबंदियों के बीच बच्चों को स्कूल जाना है जरूरी?
Delhi AQI Today: सर्दियों जैसे-जैसे बढ़ रही हैं उसी के साथ ही दिल्ली की हवा एक बार फिर लोगों की सांसों पर भारी पड़ने लगी है। राजधानी और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह ऐसा नजारा देखने को मिला, जब आसमान धुएं की मोटी परत से ढका रहा और सड़कों पर आगे देख पाना भी मुश्किल हो गया।
बीते कुछ दिनों से लगातार बढ़ते प्रदूषण ने अब हालात बेहद खतरनाक बना दिए हैं। हवा की गुणवत्ता इतनी खराब हो चुकी है कि इसका असर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी पर साफ दिखने लगा है। सरकारी आंकड़े बता रहे हैं कि दिल्ली और NCR इस वक्त गंभीर संकट से गुजर रहे हैं।

दिल्ली में AQI खतरनाक स्तर पर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत AQI 486 दर्ज किया गया। एक दिन पहले यह 461 था। यह स्तर सीधे तौर पर सेहत के लिए गंभीर खतरा माना जाता है। दिल्ली के सभी 40 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन सीवियर श्रेणी में रहे।
ये भी पढ़ें: Baba Ramdev: 'ये अमीरों का चोचला', जानलेवा AQI स्तर पर बाबा रामदेव का विवादित बयान, क्या बोल गए योग गुरु?
रोहिणी में AQI 499, बवाना में 498, विवेक विहार में 495, अशोक विहार और वजीरपुर में 493, नरेला में 492 और आनंद विहार में 491 दर्ज किया गया। ITO, मुंडका, पंजाबी बाग, चांदनी चौक और ओखला जैसे इलाके भी बुरी तरह प्रदूषण की चपेट में रहे। हरी मानी जाने वाली लोधी रोड और नजफगढ़ में भी AQI 400 से ऊपर रहा।
NCR के शहरों में भी हालात खराब
दिल्ली के साथ-साथ NCR के दूसरे शहरों में भी हवा जहरीली बनी हुई है। नोएडा में AQI 470 और गाजियाबाद में 460 दर्ज किया गया। गुरुग्राम में AQI 348 के साथ हवा बहुत खराब रही, जबकि फरीदाबाद में AQI 220 दर्ज हुआ, जिसे खराब श्रेणी में रखा गया।
धुंध और स्मॉग से विजिबिलिटी घटी
सुबह के समय घनी धुंध और स्मॉग के कारण कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। IGI एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर करीब 100 मीटर तक पहुंच गई, जिसके चलते लो विजिबिलिटी प्रोटोकॉल लागू किया गया। उड़ानें चलीं, लेकिन पूरी सावधानी के साथ।
मौसम विभाग के अनुसार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ, हवा की रफ्तार कम होना और नमी बढ़ना प्रदूषण बढ़ने की मुख्य वजह है। हवा लगभग थम जाने से प्रदूषक कण वातावरण में ही फंसे रहे और बाहर नहीं निकल पाए।
पूरे NCR में GRAP स्टेज-IV लागू
हालात बिगड़ने के बाद CAQM ने पूरे NCR में GRAP स्टेज-IV लागू कर दिया। BS-IV डीजल ट्रकों की दिल्ली में एंट्री पर रोक लगाई गई है। निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े सभी काम बंद कर दिए गए हैं। स्टोन क्रशर, खनन और इससे जुड़ी गतिविधियां भी रोक दी गई हैं।
स्कूलों में हाइब्रिड पढ़ाई के निर्देश
दिल्ली और NCR के राज्यों को कक्षा 6 से 9 और कक्षा 11 के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई कराने को कहा गया है।
ऑनलाइन कक्षा का विकल्प छात्रों और अभिभावकों पर छोड़ा गया है।
स्वास्थ्य को लेकर सख्त सलाह
बच्चों, बुजुर्गों और सांस या दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों को घर में रहने की सलाह दी गई है। जरूरी होने पर ही बाहर निकलें और मास्क का इस्तेमाल करें। CPCB के अनुसार 401 से ऊपर AQI गंभीर श्रेणी में आता है। इस स्तर पर लंबे समय तक रहने से सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और दिल से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
ये भी पढ़ें: Aaj Ka Mausam: कई राज्यों में गिरा पारा, बढ़ी ठिठुरन, क्या है दिल्ली का हाल? जानिए मौसम अपडेट












Click it and Unblock the Notifications