सांस लेने के लायक नहीं दिल्ली की हवा, SAFAR ने बताया- AQI बहुत खराब है अभी यहां का
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने मुश्किलें बढ़ाई हुई हैं। हफ्तेभर में वायु गुणवत्ता कुछ सुधरती है, और फिर से खराब श्रेणी में चली जाती है। देश के वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली (SAFAR) के अनुसार, दिल्ली की हवा अभी सांस लेने के अनुकूल नहीं है। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) वर्तमान में 'बहुत खराब' श्रेणी में 319 (ओवरआॅल) है।

कब तक गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी रहेगी?
यहां वायु गुणवत्ता की निगरानी रखने वाली एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि आने वाले 2 दिन में मौसमी दशाओं का साथ नहीं देने की वजह से हवा की गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में बनी रहेगी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, कल का दिल्ली का एक्यूआई 329 रहा। वहीं, गुरुग्राम को छोड़कर एनसीआर के सभी शहरों की हवा खराब श्रेणी में रही। दिल्ली के बाद सबसे खराब हवा गुरुग्राम की 316 एक्यूआई के साथ बेहद खराब रही है। हालांकि, इस दौरान नोएडा में दिल्ली के मुकाबले राहत थी, क्योंकि ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 222 आंकड़े के साथ सबसे कम रिकॉर्ड हुआ। यह इलाका भी दिल्ली-एनसीआर में आता है।

आज लिया जा सकता है स्कूलों पर फैसला
मालूम हो कि, दिल्ली में वायु प्रदूषण के चलते स्कूलों को सरकार ने बंद करा दिया था, जबकि कंस्ट्रक्शन पर भी बैन लगाया गया। इसी का रिव्यू करने हेतु वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (AQMC) की अहम बैठक हुई। इसमें स्कूल खोलने और कंस्ट्रक्शन पर लगे बैन की समीक्षा की गई। माना जा रहा है कि, स्कूलों पर सरकार अभी फैसला करेगी। चूंकि, 17 दिसंबर को भी दिल्ली में AQI 339, यानी खराब स्थिति में दर्ज किया गया। वहीं, वायु मानक संस्था का कहना है कि, तापमान गिरने के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली हवाओं और कोहरे की वजह से प्रदूषक हवा की सतह पर जमे हुए हैं। इस वजह से प्रदूषण के स्तर में अधिक अंतर नहीं आ रहा है।

50 तक AQI माना जाता है अनुकूल
बता दें कि, लोगों को सांस लेने हेतु एयर क्वालिटी इंडेक्स 0 से 50 के बीच अच्छा माना जाता है। 51 से 100 के बीच यह संतोषजनक, जबकि 101 से 200 के बीच मध्यम माना जाता है। 201 से 300 के बीच यह खराब श्रेणी में आता है और 301 से 400 के बीच बेहद खराब। 401 से 500 के बीच एयर क्वालिटी इंडेक्स गंभीर श्रेणी में आता है। इस तरह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स देखें तो कई दफा यह गंभीर श्रेणी में आ चुका है।












Click it and Unblock the Notifications