Delhi Air Pollution: दिल्ली में घुला जहर! बिगड़ते AQI पर किरण बेदी ने PM मोदी से लगाई हस्तक्षेप की गुहार
Delhi Air Pollution: दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण ने हालात खराब कर दिए हैं। राजधानी के कई इलाकों में शनिवार, 29 नवंबर को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 369 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।बिगड़ती स्थिति को देखते हुए पूर्व आईपीएस अधिकारी और पुडुचेरी की पूर्व उप-राज्यपाल किरण बेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने की अपील की है।
दिल्ली में पिछले दो हफ्ते से AQI 'बहुत खराब' और 'गंभीर' श्रेणी के बीच बना हुआ है। एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम के अनुसार, आने वाले सप्ताह में भी हवा की स्थिति 'बहुत खराब' रहने का अनुमान है, भले ही कई एंटी-पॉल्यूशन उपाय लागू किए जा चुके हैं।

PM मोदी को किया विशेष अनुरोध
किरण बेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा कि वह इस मामले में उनके हस्तक्षेप की उम्मीद कर रही हैं। उन्होंने पीएम मोदी से अनुरोध किया कि वे अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में दिल्ली के प्रदूषण पर बात करें और पूरे देश को जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नेतृत्व क्षमता और समस्या समाधान की तेज़ रफ्तार उन्होंने पुडुचेरी के अपने कार्यकाल में कई बार देखी है। बेदी ने लिखा, "सर, कृपया मुझे दोबारा यह अनुरोध करने के लिए माफ करें। मैंने पुडुचेरी में आपके बेहद प्रभावी ज़ूम सेशन देखे हैं। आपने हर चुनौती को समयबद्ध तरीके से हल करवाया। सभी लोग प्रेरित होकर समय सीमा और लक्ष्यों को पूरा करते थे।"
हर महीने राज्यों के साथ बैठक की अपील
बेदी ने सुझाव दिया कि प्रधानमंत्री हर महीने दिल्ली और उसके पड़ोसी राज्यों-हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश-के मुख्यमंत्रियों एवं मुख्य सचिवों के साथ वर्चुअल मीटिंग करें ताकि प्रदूषण नियंत्रण की प्रगति का सीधा आकलन किया जा सके। उन्होंने लिखा,अगर बैठकें आपकी निगरानी में होंगी तो लोगों को भरोसा मिलेगा कि स्थिति काबू में लेने की कोशिश तेज़ी से हो रही है। जनता को राहत की उम्मीद जगेगी।
'मन की बात' में उठाने की मांग
बेदी ने जोर देकर कहा कि पीएम मोदी अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में प्रदूषण पर विशेष चर्चा करें, ताकि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर किसी को यह समझ आए कि वे व्यक्तिगत स्तर पर क्या योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा, "दिल्ली इस मामले में 'डबल इंजन सरकार' की भी उम्मीद कर रही थी, ताकि पिछले 10 साल में हुए नुकसान की भरपाई शुरू हो सके।"
किरण बेदी हाल के दिनों में लगातार दिल्ली के प्रदूषण को लेकर अपनी चिंता सोशल मीडिया पर व्यक्त कर रही हैं। उन्होंने लिखा कि प्रदूषण एक दुर्घटना नहीं, बल्कि कई दशकों से शासन स्तर पर सही तालमेल न होने का परिणाम है। उन्होंने राज्यों के बीच सहयोगी रवैया अपनाने का सुझाव दिया और कहा कि केवल मिलकर ही हवा की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications