दिल्ली के अपोलो अस्पताल में कोरोना मरीज की कथित मौत के बाद हंगामा, मारपीट की आई नौबत
नई दिल्ली, अप्रैल 27। राजधानी दिल्ली में कोरोना संकट के बीच हेल्थ सिस्टम बुरी तरह से चरमरा गया है। अस्पतालों में मरीजों के लिए बेड और ऑक्सीजन की भारी कमी देखी जा रही है, जिसका नतीजा है कि मरीज अस्पतालों में लगातार दम तोड़ रहे हैं। अपनो को खो देने का दर्द अब लोगों के गुस्से में तब्दील हो रहा है। ऐसा ही एक नजारा मंगलवार को सरिता विहार स्थित अपोलो अस्पताल में देखने को मिला, जहां एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उनके परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया। बात मारपीट तक पहुंच गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

बुजुर्ग महिला को थी ICU बेड की जरूरत
जानकारी के मुताबिक, 62 साल की एक बुजुर्ग महिला को सोमवार की रात यहां लाया गया था। महिला की हालत काफी गंभीर थी। उन्हें ICU बेड की जरूरत थी, लेकिन अस्पताल में ICU बेड नहीं था। 10 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया और अस्पताल के स्टाफ और परिजनों के बीच मारपीट हुई। इस घटना में 7-8 अस्पताल के कर्मचारियों के घायल होने की खबर है, जिसमें की डॉक्टर भी शामिल हैं।
अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया है कि कोरोना मरीज के रिश्तेदारों ने हम पर हमला कर दिया है, इस घटना में हमारे 8 कर्मचारी घायल हो गए हैं। प्रवक्ता ने बताया कि जब मरीज को लाया गया था तो हमने उसी वक्त उन्हें बता दिया था कि अस्पताल में ICU बेड नहीं है।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले दिल्ली के ही एक अस्पताल ने हाईकोर्ट से सुरक्षा की मांग की थी। अस्पताल ने कहा था कि अब धीरे-धीरे मरीजों के परिजनों का गुस्सा उबाल मार रहा है, इसलिए हमें सुरक्षा दी जाए।












Click it and Unblock the Notifications