दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में 25 कोरोना मरीजों की मौत, 60 गंभीर, ऑक्सीजन तत्काल चाहिए
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थित सर गंगा राम अस्पताल में मरीजों पर कोरोनावायरस का कहर बरपा। बीते 24 घंटे में यहां 25 मरीजों की मौत हो गई। अस्पताल के चिकित्सा-निदेशक ने कहा कि, "रोज सैकड़ों नए मरीज हॉस्पिटल लाए जा रहे हैं। हमारे पास ऑक्सीजन की कमी है। ऑक्सीजन सप्लाई महज 1-2 बजे तक चलेगी। हमें ऑक्सीजन की तत्काल आवश्यकता है।"
Recommended Video
सर गंगा राम अस्पताल के चिकित्सा-निदेशक ने यह भी कहा कि, अस्पताल के कोविड वार्ड में वेंटिलेटर और बाइपेप प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। यहां 60 अन्य बीमार मरीजों की जान भी जोखिम में है।
इन 6 निजी अस्पतालों ने भी ऑक्सीजन मांगी
दिल्ली के कई सारे अस्पतालों से ऑक्सीजन से डिमांड आई है। बीते रोज यहां छह निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन स्टॉक खत्म हो गया। दिल्ली सरकार ने इस बात की जानकारी दी। बताया गया कि, जिन बड़े अस्पतालों द्वारा ऑक्सीजन मांगी गई... उनमें राठी अस्पताल, संतोम हॉस्पिटल, सरोज सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल, शांति मुकुंद अस्पताल, तीर्थ राम अस्पताल और यूके नर्सिंग होम शामिल हैं।
उधर, दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से दिल्ली में ऑक्सीजन की सप्लाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया है और कहा है कि दिल्ली को उसके कोटे की ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाए। बताया जा रहा है कि, सरोज सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ने ऑक्सीजन सप्लायर कंपनी आईनॉक्स द्वारा ऑक्सीजन देने की अपील हाईकोर्ट में दाखिल की थी, जिसके बाद उसे कुछ ही घंटों की आपूर्ति मिली।