दिल्ली में कोरोना कर रहा मौत का तांडव, हर पांच मिनट में हो रही है एक मौत
नई दिल्ली, 25 अप्रैल: तेजी से बढ़ता कोरोना वायरस संक्रमण और ऑक्सीजन, अस्पतालों में बेड की किल्लत मौत बनकर आमजन पर टूट रही है। राजधानी दिल्ली में बीते हफ्ते में हर घंटे में 12 मौतें हुई हैं। यानी हर पांच मिनट पर एक मरीज की जान गई है। दिल्ली में मौत के ये आंकड़े सरकार ने जारी किए हैं, जो बीते हफ्ते यानी सोमवार से शनिवार तक के हैं।

हर घंटे हुई 12 लोगों की मौत
सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के हिसाब से बीते सोमवार के बाद से दिल्ली में हर पांच मिनट में एक मौत हो रही है। सोमवार (19 अप्रैल) से लेकर शनिवार (24 अप्रैल) तक दिल्ली में हुई मौतों के ये आंकड़े हैं। इन छह दिनों में कुल 1,777 मौतें हुई हैं। इन मौतों का औसत देखा जाए तो हर दिन 296 लोग मरे हैं। हर एक घंटे में 12 लोगों की जान जा रही है।

हर रोज बढ़ रही हैं मौतें
इन छह दिनों यानी 19 अप्रैल से 24 अप्रैल तक मौतों का आंकड़ा देखें तो ये बढ़ रहा है। 19 अप्रैल, सोमवार को दिल्ली में 240 मौतें हुईं। मंगलवार को मौतों की संख्या बढ़कर 277 हो गई। बुधवार और गुरुवार को हल्की कमी के बाद ये आंकड़ा बढ़ा है। शनिवार को दिल्ली में रिकॉर्ड 357 मौतें हुईं हैं। ऐसे में इस आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है कि आने वाले हफ्ते में हमें और ज्यादा मौतें देखने को मिलें।

बीते हफ्ते हर घंटे हो रही थीं पांच मौतों
इससे पिछले हफ्ते यानी 12 से 17 अप्रैल के बीच दिल्ली में 677 मौतें हुईं थी। इनका औसत देखा जाए तोहर घंटे पांच मौतें हो रही थीं, जो इस हफ्ते दोगुने से भी ज्यादा बढ़कर 12 हो गईं। दिल्ली में संक्रमण भी लगातार बढ़ रहा है। हर दिन नए मामलों में इजाफा हो रहा है। वहीं सरकारों के ऑक्सीजन और अस्पतालों में बेड की उपलब्धता को लेकर तमाम दावे खोखले साबित हो रहे हैं। ऑक्सीजन की कमी से सारे अस्पताल जूझ रहे हैं और लगातार ऑक्सीजन की कमी से कई जानें भी गई हैं। इस सबके बीच दिल्ली में जारी लॉकडाउन को भी बढ़ा दिया गया है। दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में लॉकडाउन सोमवार तीन मई सुबह 5 बजे तक बढ़ा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications