Delhi: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला सांसद से VIP एरिया में लूट, सड़क पर बदमाशों ने चेन छीनी, कई जगह आईं चोटें
Congress MP Sudha Ramakrishnan Chain Snatched: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में है। सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलीं तमिलनाडु की कांग्रेस सांसद आर. सुधा लूट की शिकार हो गईं। चाणक्यपुरी जैसे वीआईपी इलाके में यह वारदात उस वक्त हुई जब वह पोलैंड दूतावास के पास टहल रही थीं। बाइक सवार बदमाश उनकी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
सांसद ने विरोध किया तो उन्हें चोटें भी आईं। यह घटना ना सिर्फ दिल्ली की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह बताती है कि आम जनता तो दूर, अब सांसद भी राजधानी में सुरक्षित नहीं हैं।सांसद आर. सुधा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस वारदात की जानकारी दी और अपराधियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।

खींचतान में सांसद को कई जगह चोटें आईं
दिल्ली के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले चाणक्यपुरी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। तमिलनाडु से कांग्रेस सांसद आर. सुधा सुबह की सैर पर निकली थीं, जब पोलैंड दूतावास के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक उनकी सोने की चेन लूट ली और तेजी से मौके से फरार हो गए।
इस वारदात के दौरान सांसद ने साहस दिखाते हुए लुटेरों का विरोध करने की कोशिश की। इस दौरान हुई खींचतान में उन्हें कई जगह चोटें आईं। सांसद की ओर से तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद की।
चेन स्नैचिंग करने वाले आरोपी गिरफ्तार
चेन छीनने वाले आरोपी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान ओखला निवासी सोहन रावत उर्फ सोनू उर्फ बुग्गू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह एक सीरियल स्नैचर है और पहले भी 26 आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को हाल ही में जून 2025 में जेल से रिहा किया गया था। जेल से बाहर आते ही उसने दोबारा अपराध करना शुरू कर दिया। सांसद की चेन छीनने की वारदात भी उसी के द्वारा अंजाम दी गई।
सांसद ने केंद्रीय गृह मंत्री को दी सूचना
सांसद आर. सुधा ने इस घटना की जानकारी खुद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को भी पत्र के माध्यम से दी है और राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जाहिर की है।
ये भी पढ़ें रेप केस में पूर्व JDS सांसद प्रज्वल रेवन्ना को उम्रकैद, पीड़िता को 7 लाख का मुआवजा देने का आदेश












Click it and Unblock the Notifications