'जाओ जहां शिकायत करनी है करो', मरीजों को दवा देने से किया इनकार, CM रेखा गुप्ता का एक्शन, लाइसेंस किया रद्द
दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में मरीजों को दवा देने से इनकार करना मेडिकल स्टोर संचालक को भारी पड़ गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने द्वारका स्थित सरकारी अस्पताल के जन औषधि केंद्र का लाइसेंस तुरंत रद्द करने का आदेश दिया है। यह कार्रवाई उस वीडियो के सामने आने के बाद हुई, जिसमें मेडिकल स्टोर के कर्मचारियों पर मरीजों और उनके परिजनों को दवा देने से मना करने का आरोप लगाया गया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि सरकारी सेवाओं में लापरवाही या लोगों के साथ बदसलूकी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पूरा मामला क्या है?
मामला द्वारका के एक सरकारी अस्पताल में चल रहे जन औषधि केंद्र का है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया गया कि मेडिकल स्टोर के कर्मचारी मरीजों और उनके साथ आए लोगों को दवा देने से मना कर रहे थे। वीडियो में यह भी सुनाई देता है कि शिकायत करने की बात कहने पर जवाब मिला, "जहां शिकायत करनी है कर दीजिए।"
यह वीडियो बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को टैग करते हुए शेयर किया। मामला सामने आते ही मुख्यमंत्री ने जांच के निर्देश दिए और अगले ही दिन कार्रवाई करते हुए संबंधित मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद्द कर दिया।
रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मरीज को दवा जैसी जरूरी सेवा से सिर्फ इसलिए वंचित नहीं किया जा सकता क्योंकि उस समय फर्श की सफाई हो रही थी।
उन्होंने कहा कि "दवा जैसी जरूरी चीज देने से इनकार करना बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जा सकता। अगर कोई सरकारी सेवा में लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार करेगा या कानून के दायरे में दी गई जिम्मेदारी निभाने से पीछे हटेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।" उन्होंने यह भी साफ किया कि दिल्ली सरकार की नीति 'जीरो टॉलरेंस' की है। यानी लापरवाही, मनमानी या जनता के साथ गलत व्यवहार करने वालों के लिए कोई नरमी नहीं होगी।
लाइसेंस क्यों रद्द किया गया?
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि संबंधित मेडिकल स्टोर लोगों को उनकी हक की सेवा देने में नाकाम रहा। इसलिए उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया। रेखा गुप्ता ने कहा कि "सरकारी संस्थान जनता की सुविधा के लिए बने हैं, परेशानी बढ़ाने के लिए नहीं। जो लोग नागरिकों के अधिकारों से जुड़ी सेवाएं रोकेंगे या लोगों के साथ अहंकार भरा व्यवहार करेंगे, उनके खिलाफ कानून के तहत पूरी कार्रवाई होगी।"
सीएम रेखा गुप्ता ने इस कार्रवाई को दिल्ली सरकार की जवाबदेही बढ़ाने की कोशिशों से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार Right to Services Bill के जरिए यह सुनिश्चित करना चाहती है कि हर नागरिक को समय पर और बिना किसी बाधा के सरकारी सेवाएं मिलें।
उनका कहना था कि लोगों को अपने अधिकार के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। अगर कोई कर्मचारी या ठेकेदार सेवा देने में लापरवाही करेगा, तो उसके खिलाफ इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
द्वारका अस्पताल के इस मामले के बाद दिल्ली सरकार ने साफ संकेत दिया है कि सरकारी अस्पताल, जन औषधि केंद्र और दूसरी सार्वजनिक सेवाओं में किसी भी तरह की मनमानी अब सीधे कार्रवाई की वजह बन सकती है। सरकार का कहना है कि जनता की सुविधा सबसे पहले है और इसमें लापरवाही करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं होगी।


Click it and Unblock the Notifications
