प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव जैसे नेताओं के सवाल पर सीएम केजरीवाल बोले- दिल में है कि वे पार्टी में वापस आ जाएं
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी को छोड़कर जाने वाले प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव जैसे नेताओं के बारे में सवाल पूछे जाने पर आप सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उस समय परिस्थितियां कुछ ऐसी थीं कि वो छोड़कर चले गए लेकिन दिल में रहता है कि वो फिर वापस आ जाएं। सबलोग मिलकर ही देश को सुधार सकते हैं। एक निजी चैनल के साथ इंटरव्यू में उनसे ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे युवा नेताओं के कांग्रेस पार्टी छोड़ने और राजस्थान में सचिन पायलट की बगावत से उपजे संकट की वजह से राहुल गांधी की लीडरशिप पर सवाल उठने से संबंधित सवाल पूछा गया तो वो इसे टाल गए। इसके बाद एंकर ने उनसे वरिष्ठ नेताओं के आम आदमी पार्टी छोड़ने पर यह सवाल पूछा।

उनसे सवाल पूछा गया कि आम आदमी पार्टी से प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव समेत अन्य के जाने से पार्टी मजबूत हुई है या कमजोर हुई है? इस सवाल का जवाब देते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पार्टी में हर व्यक्ति का अपना महत्व है इसलिए कोई भी छोड़कर जाए तो उससे पार्टी कमजोर ही होती है। उन दिनों में कुछ परिस्थितियां ऐसी बनी कि वो छोड़कर चले गए। हमेशा हमलोग दोस्त रहे हैं इसलिए दिल में रहता है कि वो पार्टी में फिर वापस चले आएं। सबलोग मिलकर ही देश को सुधार सकते हैं।
चीन के मुद्दे पर केजरीवाल ने कहा...
अरविंद केजरीवाल से जब पूछा गया कि क्या वह चीन के मुद्दे पर केंद्र सरकार और उसके फैसलों के साथ हैं? इस सवाल का जवाब देते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा कि देश इस समय सेना के साथ और केंद्र सरकार के साथ है। देश चाहता है कि चीन जो अंदर घुसा है, उससे एक-एक इंच जमीन वापस ली जाय। अगर चीन से हम अपनी जमीन वापस नहीं ले पाए तो यह उन शहीद 20 जवानों का अपमान होगा। इसके लिए केंद्र सरकार जो भी करेगी उसके साथ देश खड़ा है। केजरीवाल ने कहा कि यह अवसर है कि चीन पर हमारी निर्भरता कम हो। इसके लिए देश में बड़े पैमाने पर उन वस्तुओं का उत्पादन शुरू हो जो चीन से आता है। इससे लोगों को रोजगार भी मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications