एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ को मिला 2 करोड़ का सामान, कहीं आपका तो नहीं?
नई दिल्ली। अपना सामान भूलने की आदत किसे नहीं होती? अक्सर जल्दबाजी में या आदतन हम अपना कीमती सामान इधर-उधर भूल ही जाते हैं लेकिन ऐसा करने वाले आप अकेले नहीं हैं।

सीआईएसएफ के मुताबिक दिल्ली एयरपोर्ट पर अपना सामान भूलने वाले यात्रियों की संख्या सैकड़ों में हैं। इस साल पांच महीनों के अंदर एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ को 895 मोबाइल फोन मिले हैं।
578 मोबाइल अभी भी एयरपोर्ट ऑथोरिटी के पास जमा
एयरपोर्ट पर मिले इन मोबाइल में से केवल 317 के मालिक ने ही अपने फोन वापस लेने में दिलचस्पी दिखाई, बाकी 578 मोबाइल अभी भी एयरपोर्ट ऑथोरिटी के पास जमा हैं।
अधिकारियों की मानें तो जनवरी से मई तक पांच महीनों में मिले कुल लावारिस सामान की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए है। इनमें से 91 लाख का सामान यात्रियों को लौटाया जा चुका है।
पिछले साल मिले 2148 मोबाइल फोन
सीआईएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि एयरपोर्ट पर यात्री जो सामान भूलते हैं उसमें सबसे ज्यादा संख्या मोबाइल की ही होती है। पिछले साल सीआईएसएफ के अधिकारियों को 2148 मोबाइल फोन मिले थे।
इनमें से 734 मोबाइल के दावेदार ही सामने आए, बाकी 1414 फोन एयरपोर्ट मैनेजर के पास जमा कर दिए गए। एयरपोर्ट पर मिलने वाले सारे सामान जैसे लैपटॉप, कैमरा और पासपोर्ट की सारी सूची ऑनलाइन उपलब्ध होती है।
अधिकारी ने बताया कि जो यात्री अपना सामान वापस लेने आते हैं, उनसे आवश्यक कागजात देखकर उनका सामान वापस कर दिया जाता है, लेकिन ऐसे यात्रियों की संख्या काफी कम होती है।
ज्यादातर यात्री अपना सामान वापस ही लेने नहीं आते। ऐसे हालात में सामान को एयरपोर्ट ऑथोरिटी के पास जमा कर दिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications