2024 के लिए भाजपा ने कसी कमर, अमित शाह-जेपी नड्डा ने मंत्रियों संग की बड़ी बैठक
नई दिल्ली, 06 सितंबर। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। लोकसभा चुनाव को लेकर जिस तरह से विपक्षी दल सक्रिय हो रहे हैं और बड़े घटनाक्रम हो रहे हैं उस सब को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी कमर कसनी शुरू कर दी है। भाजपा के शीर्ष नेताओं की आज दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में एक अहम बैठक हुई। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 543 सीटों में से 303 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जबकि विपक्ष ने 100 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की थी। जिसमे से सर्वाधिक 53 सीटें कांग्रेस को मिली थी।

सूत्रों की मानें तो भाजपा चीफ जेपी नड्डा और पार्टी के मुख्य रणनीतिकार अमित शाह ने इस बैठक की अगुवाई की और बैठक में शामिल सभी मंत्रियों कहा है कि वह कुछ सीटों पर अपना ध्यान केंद्रित करें। इन सभी मंत्रियों से कहा गया है कि वह अपने संसदीय क्षेत्र में जाएं, वहां से लोगों की प्रतिक्रिया लें। हर सीट पर रणनीति तैयार करने की जरूरत है। जमीनी स्तर की जानकारी हासिल करके इसपर आगे की रणनीति बनाई जा सकती है। इसके साथ ही पार्टी के नेताओं से कहा गया है कि वह पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में मदद करें। बूथ स्तर पर रणनीति को तैयार करने में जमीनी स्तर की प्रतिक्रिया काम करेगी।
गौर करने वाली बात है कि बिहार में जिस तरह से भाजपा से अलग होने के बाद नीतीश कुमार ने राजद के साथ हाथ मिलाया उसके बाद वह दिल्ली पहुंचे और राहुल गांधी से मुलाकात की। वहीं 7 सितंबर से कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत करने जा रही है। विपक्ष लगातार 2024 को लेकर अपनी जमीन को मजबूत करने में जुट गई है। नीतीश कुमार ने खुद कहा है कि विपक्षी दलों को एकजुट होने की जरूरत है। विपक्ष एकजुट होकर ही भाजपा का सामना कर सकता हैा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि मेरी कोई भी व्यक्तिगत अकांक्षा नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications