हरियाणा से दिल्ली पहुंचे भाकियू नेता, चढ़ूनी 200 प्रदर्शनकारियों के साथ संसद कूच को तैयार
नई दिल्ली। भारतीय किसान यूनियन के हरियाणा प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी पिछले दिनों संयुक्त मोर्चे से सस्पेंड कर दिए गए थे। हालांकि, वे संयुक्त किसान मोर्चा का ही नाम लेकर संसद कूच की तैयारी में जुटे हैं। चढ़ूनी गुट के नेता बलवीर सिंह राजेवाल की आज दिल्ली पुलिस के साथ बैठक थी, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि, "यह तय हुआ है कि हमारा 200 लोगों का जत्था वहां जाएगा। हालांकि, संसद की ओर जाने की परमिशन पर अभी चर्चा नहीं हुई, इस पर बात करनी है। उसके बाद बताएंगे। हमारी अभी एक और बैठक की संभावना है।"

बता दें कि, चढ़ूनी गुट की ओर से कई दिनों पहले से संसद तक मार्च करने की तैयारी की जा रही थी। उनके गुट के नेताओं का कहना था कि, वे 20 जुलाई को हरियाणा से दिल्ली पहुंचेंगे। बीते रोज भी चढ़ूनी गुट के एक नेता ने कहा, "हमारा जत्था 20 जुलाई को दिल्ली बॉर्डर के लिए रवाना होगा।" उन्होंने कहा- हम टिकैत गुट के साथ नहीं जा रहे। उनका अपना कार्यक्रम है। यह पूछे जाने पर कि चढ़ूनी गुट में कितने लोग होंगे..उन्होंंने कहा कि यह तय नहीं हुआ। लेकिन कहा जाने लगा कि चढ़ूनी गुट से जुड़े किसान सैकड़ों की संख्या में होंगे। वहीं, आज चढ़ूनी खुद दिल्ली पुलिस से बात करने पहुंचे।

चढ़ूनी गुट के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। खुफिया विभाग पल-पल की जानकारी जुटा रहा है। पुलिस का कहना है कि, जो भी प्रदर्शनकारी संसद कूच के लिए जाएगा, उस पर निगरानी रखी जाएगी। माना जा रहा है कि, दिल्ली जाने वाला किसान संगठन का जिम्मेदार व्यक्ति होगा। उधर, टिकैत गुट के नेताओं का कहना है कि, हमारी रणनीति चढ़ूनी गुट से अलग है। टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि, हमारे पास संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से कॉल है कि 5 सदस्य दिल्ली बाॅर्डर पर 21 जुलाई को पहुंचेंगे। इन 5 सदस्यों को 22 जुलाई को संसद कूच के लिए दिल्ली जाना है।












Click it and Unblock the Notifications