क्या दिल्ली में लगेगा लॉकडाउन, केजरीवाल ने इस हिदायत के साथ दिया जवाब
नई दिल्ली, 09 जनवरी। देश की राजधानी में जिस तरह से कोरोना के मामले तेजी से आ रहे हैं उसके बीच यह कयास लगाए जा रहे थे कि दिल्ली में पूरी तरह से लॉकडाउन लग सकता है। लेकिन इन कयासों पर आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि लोग बिना मास्क पहने घर से बाहर नहीं निकलें, जरूरत ना हो तो घर से बाहर ही ना निकलें, जब भी घर से बाहर निकलें मास्क पहनकर निकलें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। अगर आप लोग ऐसा करते हैं तो दिल्ली में लॉकडाउन लगाने की कतई जरूरत नहीं पड़ेगी।
Recommended Video

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कई लोग मुझसे प्रश्न पूछ रहे हैं कि क्या लॉकडाउन लगेगा, हम लॉकडाउन नहीं लगाना चाहते हैं, लॉकडाउन नहीं लगेगा अगर आप मास्क पहनें। मास्क पहनकर घर से बाहर निकलें, मास्क पहनकर चारो तरफ घूमें। जरूरत ना हो तो घर से बाहर नहीं निकलें। मास्क पहनना बहुत जरूरी है, सोशल डिस्टेंसिंग बहुत जरूरी है, हम लॉकडाउन नहीं लगाना चाहते हैं, लॉकडाउन लगाने की हमारी कोई मंशा नहीं है। हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द यह वेव खत्म हो। हमारी कोशिश यह है कि कम से कम पाबंदी हम लगाएं, जिससे लोगों के रोजगार चलते रहें, उनकी रोजी-रोटी चलती रहे।
केजरीवाल ने कहा कि एलजी साहब और मैं दोनों मिलकर पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखे हैं। कल हमारी डीडीएमयू की दोबारा बैठक है और फिर से समीक्षा करेंगे कि क्या हमे और करने की जरूरत है। केंद्र सरकार से हम लगातार संपर्क में हैं, केंद्र सरकार से हमे पूरा सहयोग मिल रहा है। सब लोग मिलकर मैं, एलजी साहब, हमारे सारे अधिकारी, केंद्र सरकार, स्थिति पर नजर रखें हैं और स्थिति को नियंत्रित किए हुए हैं। पहले भी हम सब दिल्लीवासियों ने मिलकर कोरोना की इतनी बड़ी अप्रैल वाली खतरनाक लहर को पार कर लिया था, इस लहर को भी हम पार पा लेंगे। चिंता करने की जरूरत नहीं है लेकिन जिम्मेदारी के साथ काम करने की जरूरत है। जिन लोगों ने वैक्सीन नहीं लगवाई है प्लीज आप लोग जाकर जरूर वैक्सीन लगवा लीजिए। वैक्सीन लगवाने से यह नहीं है कि आपको कोरोना नहीं होगा, लेकिन अगर कोरोना आपको हुआ तो कम और माइल्ड कोरोना होगा, आपकी जान को खतरा नहीं होगा, आपको अस्पताल हो सकता है जाने की जरूरत ना पड़े।












Click it and Unblock the Notifications