'क्या एक रुपया भी मिला?' AAP नेताओं पर ED की छापेमारी से भड़के अरविंद केजरीवाल
Arvind Kejriwal Slams PM Modi: आम आदमी पार्टी (AAP) और केंद्र सरकार के बीच राजनीतिक टकराव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। पंजाब में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की लगातार छापेमारी के बाद AAP के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट साझा करते हुए छापेमारी की मंशा पर सवाल उठाए और केंद्र सरकार पर सत्ता के लिए ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया।

तीन दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई: अब संजीव अरोड़ा के यहां रेड
आज सुबह ही ED की टीमों ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर तलाशी शुरू की। यह कार्रवाई जालंधर और लुधियाना सहित कई स्थानों पर की गई है। गौरतलब है कि इससे ठीक दो दिन पहले, 15 अप्रैल को ED ने राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल (लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक) के घर और संस्थानों पर छापेमारी की थी। तीन दिनों के भीतर पार्टी के दो बड़े चेहरों पर हुई इस कार्रवाई को AAP चुनावी बदले की भावना बता रही है।
केजरीवाल के तीखे सवाल: अनगिनत रेड, लेकिन काला पैसा कहां है?
अरविंद केजरीवाल ने अपनी पोस्ट में सीधे तौर पर प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए पूछा कि क्या इन तमाम कार्यवाहियों का कोई ठोस नतीजा भी निकला है? उन्होंने लिखा- आम आदमी पार्टी के नेता के यहाँ तीन दिन में ये दूसरी ED की रेड है। क्या प्रधान मंत्री जी बतायेंगे कि अभी तक 'आप' नेताओं के यहाँ जो इतनी सारी अनगिनत रेड की हैं, उनमें कितना काला पैसा मिला? एक रुपया भी मिला? पूरा देश देख रहा है कि आप केवल सत्ता के लिए कितनी ओछी राजनीति कर रहे हैं।
AAP का आरोप: पंजाब चुनाव की तैयारी में जुटी BJP
पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे स्पेशल मोदी स्टाइल बताते हुए कहा कि बीजेपी पंजाब चुनाव की तैयारी इन छापों के जरिए कर रही है, लेकिन पंजाब की जनता उन्हें करारा जवाब देगी। दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह एक स्पष्ट पैटर्न है-जब भी किसी राज्य में चुनाव करीब होते हैं, बीजेपी केंद्रीय एजेंसियों को मैदान में उतार देती है।
BJP का पलटवार: भ्रष्टाचार के खिलाफ सफाई अभियान
विपक्ष के आरोपों पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि जांच एजेंसियां केवल शिकायतों और सबूतों के आधार पर काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और मोदी की नीति साफ भारत की है, जिसके तहत गंदगी साफ की जा रही है।
पंजाब और दिल्ली की राजनीति में ED की ये रेड अब केवल कानूनी जांच नहीं, बल्कि एक बड़ा चुनावी मुद्दा बन गई हैं। जहां आम आदमी पार्टी इसे तानाशाही और लोकतंत्र की हत्या बता रही है, वहीं केंद्र इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति करार दे रहा है। आने वाले दिनों में यह टकराव संसद से लेकर सड़कों तक और भी उग्र होने के आसार हैं।












Click it and Unblock the Notifications