अब बिना अपॉइन्ट्मन्ट के सीधे केजरीवाल से मिल सकेंगे आम लोग
दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने फैसला किया है कि सोमवार से शुक्रवार आम लोग बिना पहले से समय लिए सरकार के सभी मंत्री, मुख्यमंत्री और अफसरों से मिल सकेंगे।
नई दिल्ली। पिछले कुछ समय से लगातार मुश्किलों का सामना कर रहे आम आदमी पार्टी के नेताओं ने अब एमसीडी चुनाव और दूसरे आरोप-प्रत्यारोप को पीछे छोड़ते हुए सीधे दिल्ली की जनता से संवाद करने का फैसला किया है। खास बात ये है कि इसके लिए पहले मिलने का समय लेने की भी जरूरत नहीं है।


सीएम, मंत्री, विधायक हर रोज मिलेंगे
दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने फैसला किया है कि सोमवार से शुक्रवार आम लोग बिना पहले से समय लिए सरकार के सभी मंत्री, मुख्यमंत्री और अफसरों से मिल सकेंगे। हर रोज सुबह 10 से 11 बजे का समय जनता से मिलने के लिए होगा। दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने इस फैसले की जानकारी दी है।

जनता से जुड़ाव जरूरी: सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने इस फैसले की वजह के बारे में बताते हुए कहा कि पिछले दिनों जब हम लोगों के बीच गए तो जनता ने सरकार से दूर हो जाने की शिकायत की। ऐसे में हमने फैसला किया है कि अपने प्रतिनिधियों से जनता जब चाहे मिल ले, ऐसा इंतजाम होना चाहिए।

10 से 11 नहीं होगी कोई मीटिंग
सिसोदिया ने बताया है कि दिल्ली के सभी मंत्री, सोमवार से शुक्रवार हर सुबह 10-11 बजे बिना अपॉइन्ट्मन्ट जनता से मिलेंगे इसीलिए कोई भी सीनियर अफसर या मंत्री सुबह 10 से 11 बजे के बीच कोई मीटिंग नहीं रखेंगे।

चीफ सेक्रेटरी करेंगे व्यवस्था
अरविंद केजरीवाल ने कहा हा कि मुझे लोगों से शिकायतें मिल रही थीं कि उन्हें अधिकारियों से मुलाकात करने में परेशानियां होती हैं, इसीलिए ये व्यवस्था शुरू की गई है। मुख्यमंत्री और मंत्रियों के जनता से मिलने के इंतजाम के लिए सीएम केजरीवाल ने दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी को व्यवस्था करने को कहा है। 1 जून से आप सरकार के मंत्री, मुख्यमंत्री और अफसर जनता से मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications