'10 साल सिर्फ इज्जत कमाई है', जनता की अदालत में केजरीवाल का ऐलान, नवरात्र में CM आवास छोड़ दूंगा
दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज जनता की अदालत में हिस्सा लिया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर जनता की अदालत में बोलते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैंने अपनी जिंदगी में केवल इज्जत कमाई है, ईमानदारी कमाई है। मेरे बैंक में कोई पैसा नहीं है, मेरी पार्टी के बैंक में कोई पैसा नहीं है। मैंने केवल इज्जत कमाई है।
आज 10 साल के बाद जब मैंने इस्तीफा दिया है, थोड़े दिन में मैं सीएम का बंगला छोड़ दूंगा। आज दिल्ली में मेरे पास घर भी नहीं है रहने के लिए। मेरे से कई लोग कहते हैं कि कैसा आदमी है तू, 10 साल राजनीति की, 10 साल सीएम रहा, 10 साल में तो 10 कोठियां बन जातीं, 10 घर बन जाते, 10 प्लॉट बन जाते।

मैंने 10 साल में कुछ नहीं कमाया है, सिर्फ आपका प्यार और आशीर्वाद कमाया है। इसी प्यार का नतीजा है कि आज जब मैं घर छोड़ूंगा तो मेरे लोगों के पास इतने लोगों का फोन आ रहा है वो कह रहे हैं कि मेरा घर ले लो, मैं आपसे किराया नहीं लूंगा, मैं आपका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।
अभी श्राद्ध चल रहे हैं, श्राद्ध खत्म होने के बाद जैसे ही नवरात्रि शुरू होगी मैं सीएम आवास छोड़ दूंगा और आपमे से ही किसी के घर में रहूंगा।
दरअसल अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली शराब नीति में कथित घोटाले का आरोप है, इस मामले में उन्हें हाल ही में जमानत मिली है। जिसके बाद अब अरविंद केजरीवाल लोगों के बीच जाकर सीधा संवाद किया।
बता दें कि अरविंद केजरीवाल की राजनीति की शुरुआत जंतर-मंतर से हुई थी। यहीं से भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना आंदोलन की शुरुआत हुई थी और इसके बाद यहीं पर अरविंद केजरीवाल ने भूख हड़ताल की और बाद में आम आदमी पार्टी के गठन की घोषणा यहीं से की थी।
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली आबकारी नीति मामले के बारे में जनता का फैसला लेने की अपनी इच्छा व्यक्त की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे इस्तीफा देने और मतदाताओं का फैसला आने तक अपने पद पर दोबारा नहीं लौटेंगे। आबकारी नीति मामले में जमानत मिलने के बाद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था।
माना जा रहा है कि 2025 की शुरुआत में दिल्ली विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। लेकिन कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि AAP समय से पहले चुनाव कराने पर विचार कर रही है।
केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आप की प्रमुख नेता और केजरीवाल के मंत्रिमंडल की सदस्य आतिशी मार्लेना दिल्ली की मुख्यमंत्री बन गई हैं। आतिशी ने पांच मंत्रियों के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।












Click it and Unblock the Notifications