दिल्ली: एम्स की नर्सों ने सीएम केजरीवाल को लिखा खत, परिजनों के लिए वैक्सीनेशन कार्यक्रम चलाने की मांग
नई दिल्ली, 13 जून। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के खिलाफ लॉकडाउन के सहारे एक बार फिर संक्रमण के प्रसार पर काबू पा लिया गया है लेकिन टीकाकरण को लेकर अभी भी केंद्र और केजरीवाल सरकार में खींचतान जारी है। इस बीच वैक्सीन की कमी के चलते दिल्ली के कई इलाकों में 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लोगों के टीकाकरण कार्यक्रम पर रोक लगानी पड़ी है, तो वहीं शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की नर्सों ने अपने परिजनों के वैक्सीनेशन को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को खत लिखा।
Recommended Video

एम्स नर्स यूनियन द्वारा सीएम अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में आग्रह किया गया है कि मेडिकल कर्मचारियों के परिजनों के लिए भी टीके का इंतजाम किया जाए। नर्स यूनियन ने पत्र में लिखा, कोरोना वायरस महामारी से बचाव में एम्स अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों के परिवार के सदस्यों (18-45 वर्ष के आयु वर्ग के) के लिए उच्च प्राथमिकता के आधार पर जल्द-से-जल्द वैक्सीन उपलब्ध कराने को लेकर तत्काल उपाय करने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उचित कदम उठाएं।
यह भी पढ़ें: नई दिल्ली सहित इन 8 रेलवे स्टेशनों पर शुरू हुई प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री, देखिए पूरी लिस्ट
बता दें कि दिल्ली में 18 से 44 वर्ष तक की उम्र के लोगों का टीकाकरण कराना अब चुनौती बन गया है। हालांकि पीएम मोदी की घोषणा के बाद 21 जून से देशभर में केंद्र सरकार फ्री टीकाकरण कराएगी, लेकिन इस बीच एम्स नर्स यूनियन ने दिल्ली सरकार को वैक्सीनेशन के लिए खत लिख उनके परिजनों के लिए जल्द टीका उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, दिल्ली में राहत की खबर यह है कि शनिवार को दैनिक मामलों की संख्या 213 तक आ गई, जोकि पिछले लगभग 3 महीनों में कोरोना के मामलों की सबसे कम संख्या है। नए मामलों के साथ दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 14,30,884 हो गए हैं। इस दौरान राजधानी दिल्ली में कोरोना के कारण 28 लोगों की मौत हुई है, जिसके साथ दिल्ली में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 24,800 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications