केजरीवाल की आप में बीजेपी की सेंधमारी शुरू, पहला विकेट गिराया
आप विधायक वेद प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल केवल केंद्र सरकार और उपराज्यपाल की आलोचना करने में व्यस्त हैं। उन्हें पता ही नहीं कि पार्टी में क्या चल रहा है।
नई दिल्ली। दिल्ली में अगले महीने होने जा रहे एमसीडी चुनावों से पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली की बवाना सीट से आप विधायक वेद प्रकाश ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया है। एमसीडी चुनावों में कुछ ही दिन बाकी हैं और आम आदमी पार्टी पहली बार इन चुनावों में उतर रही है।

AAP और केजरीवाल पर लगाए आरोप
आप विधायक वेद प्रकाश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि वो बिना किसी लालच में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं हो रहा। वह पार्टी की नीतियों से तंग आकर इस्तीफा दे रहे हैं। आप विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल केवल केंद्र सरकार और उपराज्यपाल की आलोचना करने में व्यस्त हैं। उन्हें पता ही नहीं कि पार्टी में क्या चल रहा है। अरविंद केजरीवाल केवल कुछ लोगों से घिरे रहते हैं।

केजरीवाल ने किया हाउस टैक्स माफ करने का वादा
आपको बता दें कि दिल्ली में अगले महीने एमसीडी के चुनाव होने जा रहे हैं। चुनावों से पहले ही अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि नगर निगम चुनाव में जीतने के तुरंत बाद सबसे पहले रिहायशी हाउस टैक्स को खत्म किया जाएगा और जिन लोगों को रिहायशी हाउस टैक्स बकाया हैं, उनके टैक्स को माफ किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इसके बारे में विस्तृत जानकारी जल्द ही घोषणा पत्र के जरिए लोगों को दी जाएगी।

'AAP ने शुरू की गलत राजनीति'
वहीं, एमसीडी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भी तैयारियां शुरु कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली हार का बदला एमसीडी चुनाव में लेंगे। शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा था कि केजरीवाल सरकार ने वादे पूरे नहीं किए। दिल्ली में आम आदमी कैंटीन कहीं दिखाई नहीं दे रही है। आम आदमी पार्टी ने गलत राजनीति शुरु की।

'AAP ने बनाया हारने का रिकॉर्ड'
अमित शाह ने कहा कि झूठे वादे करने वाले हमसे काम का हिसाब मांगते हैं। केजरीवाल सरकार ने झूठे वादों को झड़ी लगाई। 3 पेज के वादे किए लेकिन 3 वादे भी पूरे नहीं किए। अमित शाह ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी जहां भी गई उन्हें हार का सामना करना पड़ा। आम आदमी पार्टी ने हारने का रिकॉर्ड बनाया है। ये भी पढ़ें- दिल्ली में भाजपा की जीत में हैं ये 7 अड़ंगे












Click it and Unblock the Notifications