'AAP MLA Kuldeep Kumar कहां हैं?' केजरीवाल ने PM मोदी को घेरा-सौरभ ने लगाया 'अगवा' का आरोप, HC में सुनवाई
AAP MLA Kuldeep Kumar News Hindi: दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार को लेकर मंगलवार (18 अगस्त 2026) को सियासी हलचल तेज हो गई। AAP ने आरोप लगाया कि मंगलवार तड़के करीब 4 बजे सादे कपड़ों में लगभग 20 दिल्ली पुलिसकर्मी विधायक के घर पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले गए। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं है।
मामला अब दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है। विधायक के कथित तौर पर अवैध हिरासत में लिए जाने के आरोप को लेकर दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका (Habeas Corpus) पर हाई कोर्ट ने तत्काल सुनवाई के लिए सहमति जताई है। याचिका पर मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की पीठ के समक्ष सुनवाई होगी। हालांकि, पुलिस की ओर से विधायक को 'अगवा' किए जाने के AAP के आरोप हैं। दिल्ली पुलिस की तरफ से आरोपों पर तत्काल प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है। आइए विस्तार से जानते हैं...

कुलदीप कुमार कहां हैं? AAP ने क्या कहा?
AAP के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने सुबह करीब 4 बजे कुलदीप कुमार को उनके घर से ले गई। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने घर में लगे CCTV कैमरों को तोड़ दिया और DVR भी अपने साथ ले गई। उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि आखिर विधायक कुलदीप कुमार कहां हैं?
AAP नेताओं के मुताबिक, कुलदीप कुमार पिछले कुछ दिनों से कल्याणपुरी में ड्यूटी के दौरान मारे गए एक सफाईकर्मी के मामले में प्रदर्शन कर रहे थे। मृतक के परिवार के लिए मुआवजे और नौकरी की मांग उठा रहे थे।
सौरभ भारद्वाज ने लगाया 'अपहरण' का आरोप
AAP दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी कुलदीप कुमार को कथित तौर पर पुलिस द्वारा ले जाए जाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि विधायक सफाई कर्मचारियों और मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि कुलदीप कुमार ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मृतक सफाईकर्मी के परिवार की मुलाकात कराने की मांग की थी। AAP का कहना है कि इसके बाद विधायक को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। पार्टी ने इसे लेकर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
आतिशी ने भी PM मोदी पर साधा निशाना
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी इस मामले को लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी नेताओं को कुलदीप कुमार के बारे में पुलिस से कोई जानकारी नहीं मिल रही है। आतिशी ने कहा कि अगर, किसी विधायक को बिना जानकारी दिए उसके घर से ले जाया जा सकता है और उसके परिवार या पार्टी को उसके ठिकाने की जानकारी नहीं दी जाती, तो यह गंभीर मामला है।
AAP की ओर से इसी मुद्दे को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल करने की बात कही गई थी। इसके बाद याचिका को तत्काल सुनवाई के लिए अदालत के सामने रखा गया।
सफाईकर्मी अनिल की मौत से जुड़ा है पूरा मामला
AAP नेताओं के मुताबिक, कुलदीप कुमार, कल्याणपुरी में एक सफाईकर्मी की मौत के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। पार्टी का आरोप है कि सफाईकर्मी अनिल की ड्यूटी के दौरान हत्या कर दी गई। इस मामले में प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये के मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। AAP का आरोप है कि पुलिस मृतक के परिवार पर अंतिम संस्कार के लिए दबाव बना रही थी। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि परिवार की मांग थी कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) उनसे मुलाकात करें और मुआवजे की घोषणा की जाए। दिल्ली में सफाईकर्मी की हत्या और उसके बाद हुए विरोध-प्रदर्शन के बीच ही कुलदीप कुमार को कथित तौर पर हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है।
दिल्ली हाई कोर्ट में क्या हुआ?
मामले को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता शादान फरासत ने मंगलवार को दिल्ली हाई कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका का उल्लेख किया। उन्होंने अदालत से मामले की तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया। याचिका में आरोप लगाया गया है कि कुलदीप कुमार को उनके आवास से कथित तौर पर हिरासत में लिया गया और परिवार को उनके ठिकाने की जानकारी नहीं दी गई। अदालत ने मामले को तत्काल सुनने पर सहमति जताई है।
What Is Habeas Corpus: क्या होती है बंदी प्रत्यक्षीकरण?
बंदी प्रत्यक्षीकरण यानी Habeas Corpus एक ऐसी कानूनी प्रक्रिया है, जिसके जरिए अदालत किसी व्यक्ति को हिरासत में रखने के आधार और उसकी वैधता की जांच कर सकती है। अगर हिरासत को गैरकानूनी पाया जाता है, तो अदालत उचित राहत दे सकती है।
Who Is Kuldeep Kumar: कौन हैं कुलदीप कुमार?
कुलदीप कुमार दिल्ली की कोंडली विधानसभा सीट से AAP विधायक हैं। वह 2020 में पहली बार दिल्ली विधानसभा पहुंचे थे और 2025 के विधानसभा चुनाव में भी कोंडली सीट से जीत दर्ज की। उन्हें AAP के प्रमुख दलित चेहरों में गिना जाता है। वह पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से 2024 का चुनाव भी लड़ चुके हैं, हालांकि उन्हें बीजेपी के हर्ष मल्होत्रा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
AAP MLA Kuldeep Kumar Criminal Case: कुलदीप कुमार पर कितने मुकदमे दर्ज हैं?
एडीआर के मुताबिक, कुलदीप कुमार के ऊपर 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। सिर्फ एक मामले में IPC की धारा 188 के तहत 1600 रुपये का जुर्माना लगा था। बाकी सभी मामले विचाराधीन हैं। कुलदीप के पास संपत्ति की बात करें तो, करीब 48 लाख से ज्यादा की दर्ज की गई है।


Click it and Unblock the Notifications
