स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट की जांच के लिए AAP बनाएगी आंतरिक पैनल: सूत्र
Swati Maliwal Case: आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ हुई सीएम आवास में बदसलूकी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। स्वाति ने सोमवार (13 मई) को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक (पीए) विभव कुमार पर मारपीट करने और दुर्व्यवहार करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
अब इस मामले में सूत्रों के हवाले से खबर है कि आप सांसद हमले की जांच के लिए AAP आंतरिक पैनल बनाएगी। हालांकि मालीवाल ने अभी तक इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

पार्टी ने कबूली बदसलूकी की बात
मालूम हो कि आम आदमी पार्टी ने अपने राज्यसभा सांसद और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्षा स्वाति मालीवाल के साथ बदसलूकी की बात स्वीकार की है। साथ ही कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल ने मामले का संज्ञान लिया है और उचित कार्रवाई की जाएगी।
इसी कड़ी में इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक स्वाति मालीवाल पर हुए कथित हमले की जांच के लिए एक आंतरिक पैनल बना जाएगा। खबर के अनुसार बताया जा रहा है कि पार्टी ने मालीवाल से मामले के संबंध में अपना बयान देने को भी कहा है।
स्वाति मालीवाल ने किया था पुलिस को फोन
बता दें कि सोमवार, 13 मई को दिल्ली पुलिस को लगातार दो कॉल प्राप्त हुईं, दोनों केजरीवाल के आवास से आईं, जिसमें कॉल करने वाली महिला ने खुद को स्वाति मालीवाल बताते हुए केजरीवाल के सहयोगी विभव कुमार द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद पुलिस को फोन किया।
इस घटना के अगले दिन यानी मंगलवार को पार्टी सांसद संजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल के निजी सहायक बिभव कुमार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास पर मालीवाल के साथ "दुर्व्यवहार" किया और केजरीवाल इस मामले में सख्त कार्रवाई करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक संजय सिंह को इस मामले में मध्यस्थता करने का भी काम सौंपा गया है। इस बीच, मालीवाल ने मामले में कुमार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) प्रमुख रेखा शर्मा ने भी मंगलवार को मालीवाल की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की।












Click it and Unblock the Notifications