प्रेमिका की लाश पर छिड़कता रहा डियोड्रेंट, दो दिन बाद ट्रॉली बैग में भरकर निकला लेकिन खुल गई पोल
दिल्ली। दिल्ली एनसीआर के खोड़ा इलाके में एक युवक किराए के कमरे से ट्रॉली बैग निकालकर कार की पिछली सीट पर रख रहा था। ट्रॉली बैग से बहुत बदबू आ रही थी इसलिए पड़ोसियों ने पूछ लिया कि इसमें क्या है? पड़ोसियों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को फोन कर दिया और यह देखकर युवक वहां से फरार हो गया। पुलिस आई और गाड़ी का शीशा तोड़कर ट्रॉली बैग निकाला। जैसे ही ट्रॉली बैग को खोला, अंदर का नजारा देख पुलिस और वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए।

बैग में ब्यूटीशियन ज्योति वर्मा की लाश
ट्रॉली बैग में ब्यूटीशियन ज्योति वर्मा की सड़ी-गली लाश थी। ज्योति खोड़ा के एक मकान में चौथी मंजिल पर किराए के कमरे में ब्वॉयफ्रेंड शिवम के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहती थी। पिछले दो दिनों से ज्योति के कमरे का दरवाजा बंद था और अंदर से बदबू आ रही थी। पड़ोसियों ने चूहा मरने की बदबू समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। मंगलवार की देर रात ब्वॉयफ्रेंड शिवम एक कार लेकर आया और कमरे से ट्रॉली बैग निकालकर कार में रखने लगा तब पड़ोसियों को लगा कि दाल में कुछ काला है।

शिवम को पकड़कर किया पुलिस के हवाले
मौके से फरार होने के बाद शिवम खोड़ा के इस मकान के आसपास बुधवार को मंडराने लगा। लोगों ने शाम को उसको दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। शिवम ने पूछताछ में बताया कि ज्योति ने खुदकुशी की है क्योंकि वो उसके शराब पीकर आने से नाराज थी। वह पिछले दो दिनों से इत्र और डियोड्रेंट छिड़कर बदबू को दबाने की कोशिश कर रहा था। कार भी शिवम ने किराए पर लिया था और लाश को ठिकाने लगा जा रहा था कि पोल खुल गई।

घरवालों से दूर हो चुकी थी ज्योति!
दिल्ली में ज्योति ब्यूटी पार्लर में काम करती थी और शिवम भी एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। ज्योति और शिवम दोनों लुधियाना निवासी थे। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे और दोनों ने शादी नहीं की थी। पड़ोसियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से ज्योति कमरे में ही रहती थी और काम पर नहीं जा रही थी। घरवालों से ज्योति का नाता कम रह गया था।
दो दिन से कमरे में सड़ रही थी लाश
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, दो दिन पहले ज्योति की मौत हुई थी और खुदकुशी की अभी पुष्टि नहीं हुई है क्योंकि ज्योति के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। रिपोर्ट के अनुसार, शरीर के ऊपरी हिस्से में चोट लगने से ज्योति की मौत हुई। एसएसपी वैभव कृष्ण ने घटना के बारे में बताया कि परिजन तहरीर देंगे तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications