उत्तराखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत और बेटा कोरोना संक्रमित, ट्वीट कर दी जानकारी
देहरादून। उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत और उनके बेटे विकास भगत भी कोरोना वायरस पॉजिटिव मिले हैं। बंशीधर भगत ने खुद कोरोना संक्रमित होने की जानकारी ट्विटर के जरिए दी है। उन्होंने बताया कि उनका कोरोना परीक्षण पॉजिटिव होने के बाद उन्होंने खुद को सेल्फ क्वारंटाइन में रखा है। तो वहीं, उनके बेटे विकास भगत की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि देहरादून से लौटने के बाद विकास को बुखार की शिकायत थी।

खुद ट्वीट कर दी जानकारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने शनिवार को खुद ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, 'मेरा कल कोरोना वायरस के लिए परीक्षण किया गया जिसमें मेरी परीक्षण रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं, पिछले सप्ताह में मेरे संपर्क में जो भी आए हैं, वे कृपया परीक्षण करवा लें। आप सभी के आशीर्वाद से पुनः आपके बीच जल्द ही लौटूंगा।'
बेटा विकास भगत भी आया कोरोना पॉजिटिव
विकास भगत भाजयुमो में प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ ही विधायक प्रतिनिधि भी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विकास को तीन दिन से बुखार आने के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में प्राइवेट रूम में भर्ती किया गया था। उनका सैंपल जांच को भेजा गया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि एसटीएच के एमएस डॉ. जोशी ने बताया कि विकास भगत की हालत फिलहाल ठीक है।
गृह प्रवेश में शामिल हुए थे कई नेता
बताया जा रहा है कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने देहरादून स्थित आधिकारिक आवास में 21 अगस्त को गृह प्रवेश था। इसी में शामिल होने के लिए विकास देहरादून गए थे। लेकिन 26 अगस्त को हल्द्वानी लौटने के बाद उन्हें हल्का बुखार महसूस हुआ। विकास भगत पिता के गृह प्रवेश कार्यक्रम में हिस्सा लेने देहरादून गए थे। इसी कार्यक्रम में कई वीवीआईपी मेहमानों ने शिरकत की थी, जिसमें राज्यपाल बेबीरानी मौर्य, सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, बीजेपी के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, उत्तराखंड के महामंत्री संगठन अजेय कुमार, महामंत्री कुलदीप कुमार, राजू भंडारी और त्रिवेंद्र सरकार के कई मंत्रियों का नाम शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications