MLA कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन भाजपा से निलंबित, बंदूकों संग डांस का वीडियो हो रहा है वायरल
देहरादून। उत्तराखंड में खानपुर के भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को पार्टी ने अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया है। उन्हें निष्कासन का नोटिस भी भेजा गया है, जिसका जवाब उन्हें दस दिन में देना है। आगे की कार्रवाई नोटिस का जवाब आने के बाद होगी। बता दें कि अनुशासनहीनता के एक अन्य मामले में भी वह तीन माह के लिए पार्टी से निलंबित चल रहे थे। हालांकि, अनुशासनहीनता के करीब आधा दर्जन मामलों में आरोपी रहे विधायक चैम्पियन कभी सफाई देकर तो कभी पार्टी नेतृत्व को भरोसे में लेकर कार्रवाई से बचते रहे हैं। मगर, इस बार उनका दांव सही नहीं बैठा।

तमंचे के साथ किया डांस, वायरल हो गया वीडियो
तमंचे के साथ डांस करते समय उत्तराखंड के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोपी चैंपियन के खिलाफ पार्टी के साथ ही पूरे प्रदेश में नाराजगी है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यदि इस नाराजगी को दूर नहीं किया गया तो भाजपा के लिए सियासी तौर पर नुकसानदेह साबित हो सकता है। यही कारण है कि वीडियो के वायरल होते ही दिल्ली से लेकर दून तक भाजपा में हड़कंप मच गया। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट तत्काल हरकत में आए और महामंत्री अनिल गोयल को चैम्पियन के खिलाफ निष्कासन का नोटिस जारी करने को कहा। यह नोटिस चैंपियन को भेजा जा चुका है और उन्हें जवाब देने के लिए दस दिन की मोहलत भी दी गई।
हालांकि, कहा जा रहा है कि इससे भाजपा का काम आसान नहीं हुआ, मगर जनता की नाराजगी बढ़ गई। अंत में काफी सोच विचार करने के बाद गुरुवार को चैम्पियन को अनिश्चितकाल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया। अब वह पार्टी की किसी प्रकार की गतिविधि में भाग नहीं ले सकते। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी देवेन्द्र भसीन ने बताया कि आगे की कार्यवाही नोटिस का जवाब मिलने के बाद होगी। उधर, सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि वायरल वीडयो में जो कुछ भी दिख रहा है उसे सही नहीं ठहराया जा सकता। एक जनप्रतिनिधि से इस तरह के आचरण की उम्मीद नहीं की जा सकती। अब पार्टी नेतृत्व इस बारे में उचित फैसला करेगा।












Click it and Unblock the Notifications