जब कांग्रेस थी तो चारों तरफ डाकुओं का रहता था आतंक, सारे डकैतों का सफाया करने का काम भाजपा ने किया
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चित्रकूट में जन आशीर्वाद यात्रा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम शिवराज ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने वर्षों तक यहां सिंचाई की व्यवस्था नहीं की। जब कांग्रेस थी तो चारों तरफ डाकुओं का आतंक रहता था। हमने सरकार आने के बाद कह दिया था कि मध्य प्रदेश की धरती पर या तो डाकू रहेंगे या हम रहेंगे। सारे डकैतों का सफाया करने का काम भाजपा ने किया है।
बता दे भाजपा ने आज भगवान कामतानाथ की नगरी चित्रकूट से अपनी जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा की शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यात्रा को मनगवां ब्लॉक के मिचकुरीन गांव में आयोजित कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर की।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ पर कहा कि इस प्रदेश की जनता के बीच हम हमेशा ही आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचते हैं। उसी का परिणाम है कि मध्य प्रदेश में लगातार भाजपा की ही सरकार बन रही है। इस बार भी हम जनता के पास जा रहे हैं जनता हमें फिर आशीर्वाद देगी। भाजपा की सरकार प्रदेश में गरीब कल्याण महाअभियान चला रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस अभियान में तेजी आई है। जनता के बीच में हम हमारी सरकार के काम भी बताएंगे और जनता का आशीर्वाद भी प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले भी पार्टी को अपना आशीर्वाद देती रही है। 2003, 2008, 2013 में जनता ने अपना आशीर्वाद दिया। 2018 में भी हमें सबसे अधिक वोट जनता ने दिए। श्री चौहान ने कहा कि जनता का लगातार आशीर्वाद हमारे लिए एक उपलब्धि की तरह है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी अपने काम से जानी जाती है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के काम हुए हैं, मध्यप्रदेश में भी अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुए हैं। गरीबों, किसानों, माता-बहनों के कल्याण के लिए योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि हम सदैव अपने विकास और जन कल्याण के कार्यों को लेकर जनता के दरबार में जाते हैं। इस बार भी कामों को आधार पर हम जनता का आशीर्वाद लेने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मेरा प्रदेश की जनता जनार्दन से भी आग्रह है कि वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में इन यात्राओं में शामिल होकर अपना आशीर्वाद दे। भारतीय जनता पार्टी आगामी चुनावों में ऐतिहासिक और रिकॉर्ड तोड़ विजय प्राप्त करेगी।












Click it and Unblock the Notifications