MP News: केन्द्रीय मंत्री अमित शाह अब 25 मार्च को आएंगे छिंदवाड़ा, नड्डा का भी प्लान
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह अब मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा 25 मार्च को आएंगे। जहां आम सभा के अलावा कई कार्यक्रम रखे गए हैं। यहां शाह के आगमन को लेकर बीजेपी ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

Union Minister Amit Shah: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। 19 मार्च को होने वाले उनके आगमन में संसोधन हुआ है। बीजेपी नेताओं से मिली जानकारी के मुताबिक शाह अब 25 मार्च को आएंगे और छिंदवाड़ा में एक जन सभा को भी संबोधित करेंगे। शाह के एमपी दौरे को लेकर बीजेपी नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं।

कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में बीजेपी के राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज नेताओं के प्रोग्राम तय हो रहे हैं। प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस जिले में सौगातों की झड़ी लगाए हुए हैं। छिंदवाड़ा के बीजेपी जिला अध्यक्ष बंटी साहू के मुताबिक पहले 19 मार्च को केन्द्रीय मंत्री अमित शाह के आगमन का कार्यक्रम तय हुआ था, जिसमें संसोधन के संकेत मिले है। अब शाह का आगमन 25 मार्च को हो सकता है। वे यहां महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बादल भोई की जन्मस्थली तीतरा गांव जाएंगे। जहां श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया है।

बीजेपी संगठन के मुताबिक अमित शाह की छिंदवाड़ा के पुलिस ग्राउंड में सभा भी आयोजित की गई है। आपको बता दें कि लगभग 8 लाख से आदिवासी वोटर वाले इस क्षेत्र में शाह के पहले केन्द्रीय मंत्री गिरीराज सिंह भी पहुंचे थे। शाह के बाद बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यक्रम भी तय किया जाएगा। शिवराज सिंह की सरकार में इस क्षेत्र को कई बड़ी सौगाते मिली है। कुछ समय पहले मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण भी हुआ था। साथ ही हाई वे निर्माण के लिए मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपए की सौगात दी थी।












Click it and Unblock the Notifications