छत्तीसगढ़ कांग्रेस में खींचतान पर बोले टीएस सिंहदेव- यहां पंजाब जैसे हालात नहीं, हाईकमान का फैसला सब मानेंगे
रायपुर, 1 अक्टूबर: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री और सीनियर कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव ने कहा है कि राज्य में कोई राजनीतिक अनिश्चित्ता नहीं है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में पंजाब जैसी स्थिति होने से इनकार करते हुए कहा कि यहां जो भी फैसला पार्टी आलाकमान लेगा, उसे सभी मंजूर करेंगे। एक बार फिर से विधायकों को दिल्ली बुलाए जाने को लेकर सिंहदेव ने ये प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर खींचतान नहीं है। हाईकमान ने हम सबको बुलाया था, निर्णय हाईकमान को ही लेना है।

छत्तीसगढ़ में टीएस सिंहदेव और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीचलगातार खींचतान चल रही है। सिंह देव के खेमे का दावा है कि उनसे वादा किया गया था कि उनको भी ढाई साल के लिए सीएम बनाया जाएगा। इस साल जून में मुख्यमंत्री के तौर पर बघेल ने ढाई साल पूरे कर लिए हैं, इसलिए अब उनको सीएम बनाया जाए। इसको लेकर लगातार वो दिल्ली में आ रहे हैं। कई दफा विधायकों को भी दिल्ली बुलाया जा चुका है। इसी को लेकर हुए सवाल पर टीएस सिंहदेव ने कहा, एक-दूसरे के भरोसे लिए गए किसी भी निर्णय पर सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं की जानी चाहिए। ये ऐसे मामले हैं जो हाईकमान के पास हैं। मेरी समझ यह है कि छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 70 विधायक हैं। ये सभी 70 विधायक वही करेंगे जो आलाकमान तय करेगा। मुझे नहीं लगता कि यहां छत्तीसगढ़ में अमरिंदर जी जैसी कोई स्थिति पैदा हो रही है।
सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बदलाव को लेकर किसी को जानकारी नहीं है कि हाईकमान ने क्या निर्णय लिया है। उन्होंने भाजपा में जाने के सवाल को सिरे से नकारते हुए कहा कि आज मैं बीजेपी की कमियां निकालूं और कल उनके लिए ताली बजाऊं, ये मुझसे नहीं होता है। मेरा जुड़ाव कांग्रेस से ही है। मेरे बीजेपी में जाने का सवाल ही नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications