छत्तीसगढ़ के इन 9 जिलों में बारिश की संभावना, ठंड बढ़ने का अनुमान
Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ के करीब 9 जिलों में आज बारिश के आसार हैं। वहीं, 8 दिसंबर को सरगुजा से लेकर बस्तर संभाग तक हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है, जिससे मौसम ठंडा रहेगा। हालांकि, रात के तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। फिलहाल सरगुजा संभाग सबसे ठंडा है। अंबिकापुर में पिछले 4 दिनों से प्रदेश के किसी भी इलाके में कड़ाके की ठंड नहीं पड़ी है।
मौसम विभाग के अनुसार, 9 और 10 दिसंबर से प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा, जिसके बाद रात के तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी और कड़ाके की ठंड बढ़ेगी। लोग सुबह से ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते हुए नजर आए। पेंड्रा में भी लोग जाड़े से बचने के लिए अलाव जलाते दिखाए दिए।

प्रदेश में तापमान की स्थिति
शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश का सबसे अधिक दिन का तापमान 33 डिग्री बालोद में रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे गर्म स्थान रहा। सूरजपुर में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री, कोरिया में 11.8 डिग्री, बलरामपुर में 17.7 डिग्री और जशपुर में 18.5 डिग्री था।
बिलासपुर संभाग में ठंड बढ़ी
बिलासपुर संभाग के जिलों में गौरेला पेंड्रा मरवाही सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, कोरबा में रात का तापमान 14.7 डिग्री और बिलासपुर में 17 डिग्री था, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक था।
बस्तर में बारिश और बादल
बस्तर संभाग में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के कारण रात का तापमान 17 से 20 डिग्री के बीच बना रहा। बस्तर में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री, नारायणपुर में 17.2 डिग्री और दंतेवाड़ा में 21.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर का मौसम
रायपुर में सुबह से हल्के बादल छाए हुए हैं। यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33°C और 19°C के आसपास रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में जेट स्ट्रीम हवा चल रही है, जो मौसम को प्रभावित करेगी। 8 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ भी छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित करेगा।
इन जिलों में बारिश के आसार
आज, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। कोरिया, मनेंद्रगढ़-भरतपुर चिरमिरी, सूरजपुर, बलरामपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर में हल्की बारिश हो सकती है।
कल इन जिलों में बारिश हो सकती है
8 दिसंबर को सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला पेंड्रा मरवाही, रायगढ़, बिलाईगढ़- सारंगढ़, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर, रायपुर, बलौदा बाजार, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान में हल्की बारिश की संभावना है।
कहां हुई ज्यादा बारिश
शुक्रवार को बस्तर के सुकमा में 40 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सबसे ज्यादा रही। वहीं छिंदगढ़, गदिरस, बस्तानार, कोंटा और जगदलपुर में 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना, इन विधायकों के नामों पर चर्चा तेज












Click it and Unblock the Notifications