छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना, इन विधायकों के नामों पर चर्चा तेज
Chhattisgarh Political News: छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 दिसंबर से शुरू हो रहा है, और इससे पहले मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस समय दिल्ली में हैं और उनके साथ दोनों उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव भी शामिल हैं। दिल्ली दौरे के बाद मुख्यमंत्री के मंत्रिमंडल विस्तार का ऐलान हो सकता है।
सोमवार को मुख्यमंत्री साय ने राज्यपाल से करीब 30 मिनट तक मुलाकात की थी, जिसे सौजन्य मुलाकात बताया गया, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस मुलाकात में मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा हुई हो सकती है।

नए मंत्रियों की संभावनाएं, इन नामो पर चर्चा
मंत्रिमंडल विस्तार में प्रदेश के कुछ प्रमुख नेताओं के नाम शामिल किए जा सकते हैं। बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास है। मंत्री पद की दौड़ में सुनील सोनी, राजेश मूणत, अजय चंद्राकर, रेणुका सिंह, अमर अग्रवाल और रेणुका सिंह के नाम आगे बताए जा रहे हैं।
निकाय चुनाव से पहले मंत्रिमंडल विस्तार टलने की संभावना
हालांकि, छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव भी होने हैं, जिसकी तारीख 11 दिसंबर को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद तय होगी। इसके चलते शीतकालीन सत्र 16 से 20 दिसंबर तक चलेगा, और उसके बाद निकाय चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू की जा सकती है। इस स्थिति के मद्देनजर भाजपा मंत्रिमंडल विस्तार को टाल सकती है।
गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात, नक्सल विरोधी अभियान पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में नक्सलवाद की स्थिति पर जानकारी दी। साय ने बताया कि बस्तर और कोंडागांव जिले, जो कभी नक्सल प्रभावित थे, अब पूरी तरह से नक्सल मुक्त हो चुके हैं। इसके अलावा, अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।
सीएम साय ने बताया कि सुरक्षा बलों और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से नक्सल नेटवर्क को खत्म कर दिया गया है, और इन क्षेत्रों में लंबे समय से कोई नक्सली घटना नहीं हुई। इसके अलावा, साय ने गृह मंत्री को बस्तर ओलिंपिक और पुलिस पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया, जिसे गृह मंत्री ने स्वीकार कर लिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नक्सल हिंसा से प्रभावित जनता के लिए 15,000 घरों का निर्माण कार्य जारी है। गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार और सुरक्षा बलों के प्रयासों की सराहना की है। इसके साथ ही इसे क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में एक "महत्वपूर्ण कदम" बताया है ।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़, CRPF के 2 जवान घायल












Click it and Unblock the Notifications