CG: 2 सितम्बर को अस्तित्व में आएगा मोहला-मानपुर जिला,आयोजन की तैयारी, इधर संगठनों ने दी चेतावनी
राजनांदगांव जिले का पूरा प्रशासनिक अमला नवगठित जिलों को अस्तित्व में लाने आयोजित समारोह की तैयारी में जुटा है। 2 सितम्बर को मुख्यमंत्री जिले में एक बड़ी सभा के माध्यम से जिले में दस्तावेज सौंपकर कामकाज की शुरुआत करेंगे,
राजनांदगांव, 30 अगस्त। राजनांदगांव जिले का पूरा प्रशासनिक अमला नवगठित जिलों को अस्तित्व में लाने आयोजित समारोह की तैयारी में जुटा है। 2 सितम्बर को मुख्यमंत्री मोहला मानपुर जिले में एक बड़ी सभा के माध्यम से जिले में दस्तावेज सौंपकर कामकाज की शुरुआत करेंगे। इधर मानपुर में विभागीय दफ्तर नहीं खोले जाने की मांग पर विरोध के स्वर फिर से उठने लगे हैं।

एसपी ने बैठक लेकर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़- गंडई- छुईखदान जिले को अस्तित्व में लाने की तैयारी में जुटे हैं। दो सितंबर को मोहला- मानपुर- अंबागढ़ चौकी और 3 सितंबर को खैरागढ़- छुईखदान- गंडई जिला अस्तित्व में आएंगे। इस कार्यक्रम में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम के लिए एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने मोहला पहुंचकर पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। कार्यक्रम के पूर्ण रूप से सफलता के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए योजना तैयार की। मानपुर के सीमावर्ती जिलों से सटे क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और नक्सलियों पर नकेल कसने पर विशेष ध्यान देने को कहा। क्षेत्र के थाना, चौकी प्रभारियों को सीमा पर मुश्तैदी से जवानों की तैनाती को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

संगठनों की मांग मानपुर में भी बने कार्यालय
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला 2 सितम्बर को पूर्ण रूप से अपने अस्तित्व में आ जायेगा। लेकिन मानपुर स्थानीय निवासी मोहला-मानपुर जिले के प्रमुख कार्यालय, जिला अस्पताल, डीएफओ और आरटीओ दफ्तर खोलने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही वहीं अंबागढ़ चौकी के रहवासी मुख्यालय की मांग कर रहे हैं। अम्बगढ़ चौकी के व्यापारी संगठनों ने नगर बंद का आह्वान कर दिया है। व्यापारी संघ ने चौकी में मुख्यालय बनाने की मांग की है। इसके लिए पहले भी मानपुर क्षेत्र के ग्रामीण एक माह तक लम्बा प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके बाद भी उनके बात पर कोई चर्चा नही हुई।

ग्रामीणों ने दी चेतावनी
मानपुर सरपंच संघ, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष, व्यापारी, सामाजिक संगठन, मजदूर संगठन सहित अन्य संगठनों ने तय किया है की मांग पूरी नहीं हुई तो 31 अगस्त और 1 सितंबर को धरना-प्रदर्शन, रैली और सभा का आयोजन किया जाएगा, और 2 सितंबर को जिले के उद्घाटन के दिन चक्काजाम भी किया जाएगा। इसके साथ ही वहीं अंबागढ़ चौकी के रहवासी मुख्यालय की मांग कर रहे स्थानीय ग्रामीणों ने 2 सितंबर को चौकी नगर को बंद रखने का एलान कर दिया है। मानपुर और अंबागढ़ चौकी के रहवासियों की चेतावनी के बाद प्रशासन की नींद उड़ी हुई है। प्रशासन द्वारा लगातार ग्रामीणों को इसके लिए समझाइश दी जा रही है।
ग्रामीणों ने लगाया उपेक्षा का आरोप
जिला निर्माण संयुक्त मोर्चा मानपुर की ओर से अनुविभागीय अधिकारी मानपुर को पत्र सौंपकर मांग की है कि मानपुर में जिला अस्पताल, पुलिस लाइन और आरटीओ दफ्तर खोला जाए। जिससे यहां व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा रोजगार के साधन बढ़ेंगे। बताया कि पूर्व में भी इन मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया था, पर विधायक की समझाइश और आश्वासन के बाद ग्रामीणो ने आंदोलन खत्म कर दिया था। लेकिन 2 सितंबर को मुख्यमंत्री नए जिले के उद्घाटन में आ रहे हैं, मानपुर में कोई भी दफ्तर खुलता नजर नहीं आ रहा है।

मनाने में जुटा प्रशासन
मानपुर के ग्रामीणों का कहना है कि मोहला को मुख्यालय बनाने का विरोध नहीं कर रहे हैं। पर मानपुर को उसका हक क्यों नहीं दिया जा रहा है। दफ्तर खुलने से मानपुर क्षेत्र का भी विकास होगा। यहां के रहवासियों को हर काम के लिए मोहला तक नहीं जाना पड़ेगा। उनका मानना है कि मुख्यालय के रूप में चौकी सबसे सुरक्षित क्षेत्र है, पर अफसरों ने उपेक्षा की है। मानपुर और अंबागढ़ चौकी में बंद का ऐलान किए जाने से प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इधर प्रशासनिक अफसर दोनों नगर के संगठन प्रमुखों को समझाइश देने में जुट गए हैं। मानपुर में थाने में बैठक लेकर संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों की बात सुनीं और समझाइश दी गई है कि वे बंद और चक्काजाम नहीं करें।












Click it and Unblock the Notifications