VIDEO: छत्तीसगढ़ में फिसली राहुल गांधी की जुबान, अडानी को लेकर ये क्या कह गए
छत्तीसगढ़ में चुनावी सरगर्मियां जारी हैं। इस बीच रविवार को करीबधाम में राहुल गांधी ने एक जनसभा की, जिसमें उन्होंने बीजेपी पर अमीरों की सेवा करने का आरोप लगाया। राहुल के मुताबिक बीजेपी पूरी तरह से अडानी ग्रुप के लिए काम कर रही है। केंद्र सरकार भी उद्योगपतियों के पक्ष में है।
वहीं सभा के बीच ही राहुल गांधी की जुबान फिसल गई, जहां उन्होंने ये कह दिया कि कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री अडानी के लिए काम करते हैं। हालांकि बाद में उनको अपनी गलती का एहसास हो गया।

जनता को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि आप (बीजेपी) 24X7 अडानी के हितों की सेवा करते हैं। आपके यहां जो मुख्यमंत्री हैं, वो भी अडानी जैसे लोगों के लिए काम करते हैं। वहीं हम किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के लिए काम करते हैं। यही अंतर है।
वहीं दूसरी ओर बीजेपी ने तुरंत इस मौके को पकड़ लिया। बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने वीडियो ट्वीट कर लिखा कि राहुल गांधी ने स्वीकार किया कि छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल हर समय अडानी के लिए काम करते हैं। आखिरकार सच्चाई सामने आ रही है कि ये कांग्रेस ही है, जिसने कॉर्पोरेट समूह अडानी को संरक्षण दिया है, राहुल निशाना साधते नहीं थकते। ये कैसा मजाक है।
खेतों में पहुंचे राहुल
वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी रविवार को नवा रायपुर के पास कठिया गांव में किसानों के बीच पहुंचे। जहां उन्होंने किसानों के साथ खेत में धान की कटाई की। राहुल ने कहा कि किसान खुशहाल तो भारत खुशहाल। उन्होंने छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए कांग्रेस सरकार के 5 सबसे बेहतरीन काम गिनाए। राहुल गांधी का कहना है कि ये छत्तीसगढ़ का ऐसा मॉडल है, जिसे पूरे भारत में दोहराएंगे।
दो चरणों में होगा मतदान
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में चुनावों की तारीखों का ऐलान हो गया है। जिसके तहत 7 नवंबर और 17 नवंबर को मतदान होगा, जबकि 3 दिसंबर को परिणाम आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications