CG News: मोदी के बाद अब राहुल जगदलपुर में करेंगे सभा, आखिर क्यों बस्तर के लिए भाजपा-कांग्रेस लगा रही पूरा जोर?
Chhattisgarh, Assembly Election 2023: विधानसभा चुनाव में जहां भाजपा-कांग्रेस के बड़े नेताओं का आना जारी है, वहीं जगदलपुर में बीते 3 अक्टूबर को हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 19 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की सभा के बाद कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी का दौरा भी हो सकता है।
दरअसल बस्तर पर दोनों ही दलों का फोकस बना हुआ है, जिसके चलते बड़े नेताओं का दौरा लगातार जारी है। कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि उनके शीर्ष नेता राहुल गांधी जगदलपुर में 4 नवंबर को पहुंच सकते हैं। यही नहीं, उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भी पहुंचने की बात कही जा रही है।

हालांकि उनके दौरे को लेकर अब तक कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के नेताओं को दौरे के लिए तैयार रहने की हिदायत दी गई है।बताया जाता है कि दोनों के दौरे की पुष्टि उनके दौरे से 48 घंटे पहले ही साझा की जाएगी।
इसके पीछे बस्तर में नक्सलवाद और सुरक्षा कारणों का हवाला दिया जा रहा है। जगदलपुर पहुंचकर राहुल प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाए रखने कोई बड़ा वादा कर सकते हैं, इस बात को लेकर भी कई तरह की कयास लगाई जा रही है।
मालूम हो कि पिछली बार भी चुनाव से ठीक पहले जगदलपुर दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था और एकाएक प्रदेश में तख्ता पलट की स्थिति बन गई थी। इस बार भी अपनी सरकार बचाने वे कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं, ऐसा माना जा रहा है।
राहुल के प्रस्तावित प्रवास को लेकर जहां कांग्रेस संगठन तैयारियों में जुट गया है, लेकिन उनके दौरे को लेकर खुलकर कोई भी जानकारी नहीं दी जा रही है। राहुल ने जगदलपुर में कोई बड़ी घोषणा या वादा किया तो इस बार भी कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन सकता है, इस बात की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications