पीएम मोदी का छत्तीसगढ़ दौरा, 7600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का किया उद्घाटन, कही यह खास बातें
PM Modi Raipur Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे, यहां उन्होंने साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान लगभग 7600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान कार्यक्रम के लिए बनाये गए मंच में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ,केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व सीएम रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल समेत कई अन्य नेता मौजूद थे।

छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा के लिए महत्त्वपर्ण दिन: PM मोदी
अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने कहा, ''छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण और बहुत बड़ा है। आज छत्तीसगढ़ को 7,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उपहार मिल रहा है, ये उपहार इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए है, कनेक्टिविटी के लिए है,यह उपहार छत्तीसगढ़ के लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए है, यहां की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत सरकार के इन प्रोजेक्ट्स से यहां रोजगार के अनेकों नए मौके भी बनेंगे, यहां के धान किसानों, खनिज संपदा से जुड़े उद्यमियों और पर्यटन को भी इन प्रोजेक्ट्स से बहुत लाभ मिलेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि इनसे आदिवासी क्षेत्रों में सुविधा और विकास की नई यात्रा शुरू होगी। पीएम ने आगे कहा कि भारत में हम सभी का दशकों पुराना अनुभव यही है कि जहां इंफ्रास्ट्रक्चर कमजोर रहा है, वहां विकास भी उतनी ही देरी से पहुंचा है, इसलिए आज भारत उन क्षेत्रों में अधिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहा है, जो विकास की दौड़ में पीछे रह गए हैं।
गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासियों को मिलेगा फायदा: PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का एक और बहुत बड़ा लाभ है, जिस पर उतनी चर्चा नहीं होती। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का संबंध सामाजिक न्याय से भी है, जो सदियों तक अन्याय और असुविधा झेलते रहे, उन तक भारत सरकार यह आधुनिक सुविधाएं पहुंचा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासियों की बस्तियों को यह सड़कें और रेल लाइनें जोड़ रही हैं। इन दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को, माताओं-बहनों को आज अस्पताल पहुंचने में सुविधा हो रही है।
उन्होंने आगे कहा कि 9 वर्ष पहले छत्तीसगढ़ के 20 प्रतिशत से अधिक गांवों में किसी तरह की मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं थी, आज यह घटकर लगभग 6 प्रतिशत रह गई है। इनमें से ज्यादातर जनजातीय और नक्सल हिंसा से प्रभावित गांव हैं। गांवों को भी अच्छी 4G कनेक्टिविटी मिले, इसके लिए भारत सरकार 700 से अधिक मोबाइल टॉवर लगवा रही है। इनमें से लगभग 300 टॉवर का काम करना शुरू कर चुके हैं।
छत्तीसगढ़ को मिले 2 इकोनॉमिक कॉरिडोर
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर और रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर छत्तीसगढ़ का भाग्य बदलने वाले हैं। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम में संशोधन से छत्तीसगढ़ को बहुत लाभ हुआ है। इसके परिणामस्वरूप माइनिंग से जुड़े क्षेत्र में विकास और रोजगार सृजन को बड़ा बढ़ावा मिला है। 2010-2014 की अवधि के बीच , छत्तीसगढ़ को रॉयल्टी भुगतान के तौर में 1300 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई, जबकि 2015-16 से 2020-21 की अवधि के दौरान, एमएमडीआर अधिनियम के तहत यह राशि 2800 करोड़ रुपये थी।
सीएम भूपेश बघेल ने कही यह बातें
वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि हमारे प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के दौरे में आये हैं। प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की भूमि में मैं उनका स्वागत करता हूँ। प्रधानमंत्री जी से हम अनेक मंचों में मिलते हैं और नीति आयोग आदि की बैठकों में मिलते हैं। हम मांगे भी करते हैं लेकिन उन्हें और दोहराना नहीं चाहता। मैं गडकरी जी के साथ भी बैठता हूँ जितना मांगते हैं उससे ज्यादा ही देते हैं। हम तो मांगते ही रहेंगे लेकिन और ज्यादा नहीं कहना चाहता हूूँ, फिर भी इतना कहना चाहता हूँ कि हमारा राज्य नवोदित राज्य है इसलिए ज्यादा से ज्यादा मदद हमको मिलती रहे।










Click it and Unblock the Notifications