छत्तीसगढ़ में बोले PM मोदी, कांग्रेस और विकास में हैं 36 का आंकड़ा
KANKER PM MODI: छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान से पहले भाजपा और कांग्रेस ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी जान फूंक दी है। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांकेर में भाजपा की विजय संकल्प महारैली को संबोधित किया। इस चुनावी रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कांकेर की जनता से कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का विकास से छत्तीस का आंकड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पिछड़ों और छत्तीसगढ़ को आगे करना है। उन्होंने आगे कहा कि जब तक दिल्ली में कांग्रेस की सरकार थी, बीजेपी की छत्तीसगढ़ सरकार से दुश्मनी निकालती रही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भगवान प्रवीर, शहीद वीर नारायण सिंह और शहीद गुंडाधुर की धरती पर आज मुझे आपके दर्शन का सौभाग्य मिला है। छत्तीसगढ़ में बीजेपी के समर्थन में जो आंधी चल रही है, कांकेर में उसकी एक झलक दिख रही है। पीएम ने आगे कहा कि बस्तर की इस पावन धरती से मुझे भी भाजपा के संकल्प से जुड़ने का अवसर मिला है। भारतीय जनता पार्टी का संकल्प- छत्तीसगढ़िया पहचान को सशक्त करने का है। हर गरीब, आदिवासी, पिछड़े के हितों की रक्षा का है। छत्तीसगढ़ को देश के शीर्ष राज्यों में लाने का है। उन्होंने आगे कहा कि यह चुनाव सिर्फ विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं, बल्कि जनता के भविष्य का फैसला करने का चुनाव है।
Recommended Video
आदिवासी परिवारों को क्या मिला: PM मोदी
भाजपा की विजय संकल्प महारैली में पीएम मोदी कहा कि आपने पिछले 5 साल में कांग्रेस सरकार की नाकामी देखी है। इन 5 सालों में कांग्रेस के नेताओं की कोठियां, उनके बंगले, उनकी कारें और उनका ही विकास हुआ है। इन 5 सालों में कांग्रेस के नेताओं के बच्चों और उनेक रिश्तेदारों को ही लाभ हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांकेर- बस्तर के, गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी परिवारों को क्या मिला? छत्तीसगढ़ के लोगों को कांग्रेस ने टूटीफूटी सड़कें, बीमार-बदहाल स्कूल, अस्पताल दिए हैं। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने सरकारी दफ्तरों में घूसखोरी का नया कीर्तिमान बनाया है। पीएम मोदी ने जनता से कहा कि कांग्रेस शासन में आपको नौकरियों की बंदरबांट, हत्या, अपराध, हिंसा मिली है. इसलिए छत्तीसगढ़ कह रहा है- अउ नइ सहिबो, बदल के रहिबो
कांग्रेस को बताया महिला विरोधी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण काफी दिनों से लटका पड़ा था,जिसे भाजपा ने पूरा किया। भाजपा ने गरीब आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाने का निर्णय किया,जबकि काग्रेस ने उसका भी विरोध करके आदिवासियों का अपमान किया। उन्होंने अपने चित परिचित अंदाज़ में जनता से कहा कि कांग्रेस से इस अपमान का बदला लेंगे ना? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि आपके स्वास्थ्य की, इलाज पर होने वाले खर्च की भी चिंता है। बस्तर से ही मैंने आयुष्मान भारत योजना के तहत हर गांव में अच्छे अस्पताल बनाने के अभियान की शुरुआत की थी। आज भारत के लोगों ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को आयुष्मान आरोग्य मंदिर कहना शुरू कर दिया है। उन्होंने आगे जोड़ा कि छत्तीसगढ़ में भी तमाम ऐसे आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए गए हैं।
कांग्रेस पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस पर कई बड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कई दशक तक देश में कांग्रेस की सरकारें रही हैं, लेकिन गरीब के घर शौचालय, पानी की सुविधा,गैस कनेक्शन ,बैंक में खाता तक नहीं था। यह काम भी आपके आशीर्वाद से मोदी ही कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना का काफी बड़ा संकट आया था। दुनिया के कई देशों में खाने का संकट पैदा हो गया था। इस दौरान गरीब भाई-बहनों को इस परेशानी से बाहर निकालने की चिंता करके भाजपा सरकार ने जनता के लिए मुफ्त राशन देने वाली योजना बनाई, लेकिन कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में इस योजना में भी घोटाला किया।
यह भी पढ़ें Chhattisgarh Election: छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल की चुनाव आयोग से अपील, CRPF के वाहनों की भी हो जांच












Click it and Unblock the Notifications