CG News: जगदलपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, महादेव ऐप से कनेक्शन खंगाल रही पुलिस
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टा को लेकर राजनीतिक सियासत गरमाई हुई है। ऐसे में ऑनलाइन सट्टा को लेकर पुलिस भी कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में जगदलपुर पुलिस ने ऑनलाइन जुआ-सट्टा खिलवाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
तीनों आरोपियों के कब्जे से पुलिस को 1.83 लाख रूपए नगद सहित लैपटॉप, मोबाइल, सट्टा पर्ची, एटीएम कार्ड व बैंक पासबुक जब्त किया गया है। इसके साथ ही महादेव एप के साथ ही उनके कनेक्शन की संभावनाओं को पुलिस टटोल रही है। मालूम हो कि बड़े पैमाने पर चल रहे ऑनलाइन जुआ-सट्टा कारोबार में संलिप्त होने के कारण शहर के संभ्रांत परिवार के सदस्यों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक ऑनलाइन जुआ-सट्टा खिलवाने वाले आरोपियों में जगदलपुर शहर के प्रतापगंज पारा निवासी कमलेश टाटिया 44 साल, कुम्हारपारा निवासी लक्ष्मीनारायण गांधी 52 साल व राजकुमार उर्फ राजकुमार लुनावत जैन 42 साल निवासी हिकमीपारा शामिल हैं।
आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 3 मोबाइल, 129 सट्टा पर्ची, एटीएम कार्ड व बैंक पासबुक जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी लैपटॉप व मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा-जुआ खिलवाते थे।
नगर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि आरोपी ऑनलाइन वॉट्सएप मैसेज में ऑनलाइन अंकों पर और सट्टेबाजी की वेबसाइट पर रूपयों का दांव लगाते थे। दरअसल वॉट्सएप पर बने सट्टेबाजी के ग्रुप के जरिए वे दांव लगाते थे। वहीं सट्टेबाजी की वेबसाइट से भी वे इसी तरह रकम का दांव लगाया करते थे। इसकी जानकारी मिलते ही मामले की निगरानी करने अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। बाद में अलग-अलग जगहों पर छापामार कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
आरोपियों में से कमलेश टाटिया के पास से 1 मोबाइल व 1 लाख रूपए नगद के साथ 39 सट्टा पर्ची, लक्ष्मीनारायण गांधी के पास से 1 मोबाइल व 50 हजार रूपए नगद सहित 31 सट्टा पर्ची और राजकुमार लुनावत जैन के कब्जे से एक मोबाइल व 33500 रूपए के साथ ही 59 सट्टा पर्ची जब्त की गई है।
ऑनलाइन सट्टा-जुआ में गिरफ्तार होने के बाद अब पुलिस ने आरोपियों के महादेव एप के साथ कनेक्शन को भी टटोल रही है। बताया जाता है कि महादेव एप के साथ आरोपियों के कनेक्शन से इंकार नहीं किया जा सकता। यही कारण है कि उनके कनेक्शन को टटोलने के साथ ही महादेव एप से जुड़े अन्य तारों को भी तलाशा जा रहा है।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications