दंतेवाड़ा में बढ़ सकती हैं BJP की मुश्किलें, टिकट नहीं मिलने से पति की तस्वीर से लिपटकर रोने लगीं ओजस्वी
Chhattisgarh Elections 2023: विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद दंतेवाड़ा सीट पर विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। पहले जहां दिवंगत विधायक भीमा मंडावी की बेटी दीपा मंडावी ने अपनी माँ ओजस्वी मंडावी को टिकट न दिए जाने का विरोध करते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया था, वहीं ओजस्वी ने भी अपनी नाराजगी जताई है।
ओजस्वी की नाराजगी इस हद तक है कि कयास लगाई जा रही है, वे निर्दलीय चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि इसे लेकर कोई पुष्टि अब तक नहीं हुई है, लेकिन ओजस्वी के करीबियों की मानें तो इस बात की संभावना बहुत ज्यादा है।

सोशल मीडिया पर ओजस्वी को टिकट न दिए जाने के बेटी दीपा के वीडियो के वायरल होने के बाद भाजपा संगठन में भी हड़कंप मच गया है। इन हालातों में अब उनके समर्थक ओजस्वी को निर्दलीय चुनाव लड़वाने के लिए तैयार कर रहे हैं। इसे लेकर ओजस्वी की तरफ से अब तक कोई कन्फर्मेशन नहीं आया है। इधर भाजपा संगठन में भी इसे लेकर अंदरूनी बैठक चल रही है।
ओजस्वी के करीबियों की मानें तो वे इस बात से नाराज हैं कि उनके पति की शहादत को भाजपा संगठन ने उचित सम्मान नहीं दिया है। जबकि चैतराम अटामी को टिकट दिए जाने की कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी नहीं है। इन हालातों में वे चुनाव लड़ेंगी या चैतराम अटामी के लिए वोट मांगेंगी, इसे लेकर तस्वीर अब तक साफ नहीं हो सकी है।
मालूम हो कि दंतेवाड़ा विधायक रहे भीमा मंडावी की साल 2019 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले नकुलनार इलाके में नक्सलियों ने हमला कर हत्या कर दी थी। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। भीमा की मौत के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा ने ओजस्वी को ही अपना प्रत्याशी घोषित किया था। इस उपचुनाव में उन्हें कांग्रेस की देवती कर्मा ने करीब 11000 मतों से परास्त किया था, जबकि साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में उनके पति भीमा को 37990 वोट मिले थे। इसके बाद हुए उपचुनाव में ओजस्वी ने 38836 लोगों का समर्थन जुटाया था।
वर्तमान में ओजस्वी भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ प्रदेश मंत्री हैं। बीते साल हुई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा में उन्हें शामिल किया गया था। इससे पहले वे भाजपा महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष के पद का निर्वहन भी कर चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications