छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही, ऑटो में महिला ने दिया बच्चे को जन्म,टीकाकरण के ढाई माह बाद मासूम की मौत
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, चनवारीडांड गांव की एक महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने एंबुलेंस के लिए कॉल किया। लेकिन 108 एंबुलेंस सेवा ने यह कहकर मदद से इंकार कर दिया कि उनके पास कोई गाड़ी उपलब्ध नहीं है। इसके बाद मितानिनों ने परिवार को अस्पताल ले जाने के लिए ऑटो का सहारा लेने की सलाह दी।
परिवार वालों ने किसी तरह ऑटो से महिला को अस्पताल के लिए निकाला, और रास्ते में ही महिला ने ऑटो में ही बच्चे को जन्म दे दिया। हालांकि, जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह से सुरक्षित हैं और उनका इलाज मनेन्द्रगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

इससे पहले भी, कुछ दिन पहले एक अन्य मरीज को खाट पर लिटाकर अस्पताल लाया गया था, क्योंकि एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं थी। जिला चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है और कॉल रिकॉर्डिंग मंगवाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने के लिए प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़ें CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के 16 जिलों में बारिश का अलर्ट, गरज-चमक के साथ बदल सकता है मौसम
टीकाकरण के बाद मासूम की मौत
सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां टीकाकरण के बाद ढाई माह के मासूम की मौत हो गई। इस घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी है। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को परिजनों ने अपने ढाई माह के बच्चे को आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण के लिए ले जाया था। यहां स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चे को पेंटावैलेंट वैक्सीन लगाई। परिजनों का आरोप है कि टीका लगने के अगले दिन बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने तुरंत स्वास्थ्य कर्मियों को इस बारे में सूचना दी, लेकिन कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई। रविवार की सुबह बच्चे की मृत्यु हो गई, जिसके बाद परिजनों ने टीकाकरण के कारण मौत होने का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।
मामले में बीएमओ ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। उन्होंने टीकाकरण से मौत के आरोप को नकारते हुए जांच की बात कही। पुलिस ने भी इस मामले में जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications