जशपुरः पिता का अंतिम संस्कार कर लौटा तो बड़ी बेटी ने तोड़ा दम और फिर छोटी बेटी की भी हो गई मौत
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव ब्लॉक के महुआटिकरा गांव में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की संदिग्ध मौत हो गई। मृतकों में 70 वर्षीय बुजुर्ग और दो नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जब बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कर लौटे बेटे की घर पहुंचते ही पहले बड़ी बेटी की मौत हो गई। फिर जब उसका क्रिया-कर्म कर घर सभी लौटे तो दूसरी बेटी ने भी दम तोड़ दिया। परिवार में तीन लोगों के मौत के कारण का पता नहीं चल पाया है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बुजुर्ग और एक लड़की के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। वहीं अन्य एक नाबालिग बच्ची का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। महुआटिकरा निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग राम प्रसाद सोनी की सोमवार की देर रात को सिविल अस्पताल में इलाज के वक्त मौत हो गई। जिनका क्रिया-कर्म मंगलवार की सुबह किया गया। राम प्रसाद को डेंगू के लक्षण के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं परिवार के लोग अंतिम संस्कार कर घर लौटे तो राम प्रसाद सोनी के पुत्र की 16 वर्षीय बेटी सोनी की अचानक मौत हो गई।
इस दूसरी मौत ने परिवार को सदमे में डाल दिया। फिर मंगलवार की दोपहर को परिजन सोनी का अंतिम संस्कार कर घर वापस लौटे तो उसकी छोटी बहन 14 वर्षीय लक्ष्मी सोनी की भी अचानक से मौत हो गई। इस घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की मिली। सभी आनन-फानन में गांव पहुंचे। जांच में किसी तरह के तथ्य सामने नहीं आने पर लक्ष्मी सोनी के शव का पोस्टमार्टम कर मौत के कारणों के बारे में पता लगाया जाएगा।
ब्लॉक चिकित्सका अधिकारी डॉ. जेम्स मिंज ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामले की जांच में तीनों ही मौत का कारण डायिरा या फूड प्वॉइजनिंग नजर नहीं आ रहा है। इसके चलते लक्ष्मी सोनी के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इधर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग(PHE) की टीम को बुलाकर पीड़ित परिवार द्वारा पीने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पानी का भी सैंपल जुटाया गया है। जिससे की उनकी मौत का कारण का पता लगाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications